राजसमंद में भीम के पूर्व विधायक सुदर्शन सिंह रावत ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता कर कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि दिवेर इलाके में 200 से ज्यादा भैंसे चोरी होने के बावजूद FIR दर्ज नहीं की गई। उन्होंने विधायक हरिसिंह रावत पर गंभीर आरोप लगाए। पूर्व विधायक ने कहा- भीम क्षेत्र में लूट, चोरी और हत्या जैसी घटनाएं हो रही है। कई मामलों में एफआईआर दर्ज नहीं की जा रही। पीपली नगर में दो बार चोरी की वारदात होने के बावजूद पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया। बताया गया कि विधायक का दबाव था। उन्होंने कहा- बग्गड क्षेत्र में एक व्यक्ति की हत्या हुई। पहले इसे दुर्घटना बताने की कोशिश की गई, लेकिन स्थानीय लोगों के विरोध के बाद जांच बदली गई और हत्या का खुलासा हुआ। उन्होंने कहा- विधायक के पुत्र ने एक गरीब परिवार के कमरे गिरा दिए। उसके खिलाफ चार मामले दर्ज हैं। हाल ही में एक महिला ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसकी शिकायत लेकर एसपी के समक्ष पेश हो चुकी है। पूर्व विधायक के आरोपों को लेकर विधायक हरिसिंह रावत से उनका पक्ष जानने के लिए दो बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे कोई जवाब नहीं मिला।