एक होटल कर्मचारी ने अपनी चोरी हुई बाइक की GPS के जरिए लोकेशन पता की। चोरों का पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। पीछा करते-करते जब बाइक मालिक ने अपनी बाइक पर सवार चोरों को देखा और रुकने के लिए आवाज लगाई। चोरों ने तेज स्पीड में बाइक दौड़ाई। तभी अचानक ​बाइक बेकाबू हो गई। दोनों चोर बुरी तरह घायल हो गए। एक का पैर टूटने से भाग नहीं पाया। जबकि दूसरा घायल अवस्था में जंगल में भाग गया। सूचना पर पहुंची बाघपुरा थाना पुलिस ने कुछ देर बाद फरार चोर को भी जंगल से पकड़ लिया। बाइक शनिवार को उदयपुर शहर के अंबामाता थाना क्षेत्र में पन्नाविलास होटल के बाहर से चोरी हुई थी। देर रात चोरों को बाघपुरा थाना क्षेत्र में पाली बोर के पास से पीछा करते हुए पकड़ा है। थानाधिकारी बोले- 3 दिन पहले ही जेल से छूटा, फिर चोरी करते पकड़ा बाघपुरा थानाधिकारी वेलाराम ने बताया- आरोपी लालमगरी निवासी सन्नी कल्याण पुत्र भगवती निवासी लाल मगरी का पैर टूट गया। जबकि घायल दूसरा साथी कन्हैयालाल खटीक निवासी लाल मगरी जंगल में भागा था। इसे बाद में पकड़ लिया। दोनों घायलों को उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। दोनों चोरों के अन्य 4 साथी अंबामाता थाना क्षेत्र से बाइक चोरी कर झाड़ोल की तरफ आ रहे थे। इनका जंगल में ही बाइक छिपाने का प्लान था। इनमें आरोपी कन्हैयालाल खटीक शातिर बदमाश है। जो 3 दिन पहले ही जेल से छूटकर आया था। आते ही चोरी की वारदात कर दी। भागते समय इनके साथ तीन से चार अन्य साथी थे। संभावना जताई जा रही है कि वे भी बाइक चोरी कर ले जा रहे थे। अंबामाता थाना पुलिस इसकी जांच कर रही है। इनपुट: दुष्यंत पूर्बिया, झाड़ोल