दीपलाना सोती नोहर रोड पर अवैध खनन और ओवरलोडेड ट्रालों से मिट्टी ढोने पर रोक लगाने की मांग की गई है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष महेंद्र पूनियां ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया है कि नोहर से सोती मार्ग पर स्थित ईंट-भट्टा मालिक अवैध खनन कर सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रालियों और ओवरलोडेड ट्रालों से मिट्टी ढोते हैं। इससे पूरा सड़क मार्ग अवरुद्ध हो जाता है। नियमित आवागमन करने वाले वाहनों और दुपहिया चालकों को मिट्टी से भरी ट्रालियों और ओवरलोडेड ट्रालों से साइड नहीं मिल पाती। चारों ओर धूल उड़ती रहती है, जिससे इस सड़क मार्ग पर कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। पूनियां ने बताया कि इस सड़क पर ओवरलोडेड ट्राले और ट्रैक्टर रोजाना सैकड़ों चक्कर लगाते हैं, जिससे साइड देने की भी जगह नहीं बचती। ओवरलोडेड वाहनों के कारण इस सड़क पर कई बड़ी दुर्घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। इस संबंध में नोहर के जिला परिवहन अधिकारी रायसिंह ने बताया कि नोहर-सोती-दीपलाना संपर्क सड़क मार्ग पर ओवरलोडेड वाहनों की शिकायत मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शीघ्र ही ओवरलोडेड वाहनों के चालान कर उन्हें पाबंद किया जाएगा।