जोधपुर में कांग्रेस नेता करण सिंह उचियारड़ा ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास की कांग्रेस नेता सचिन पायलट पर की गई टिप्पणी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी से अपील करता हूं कि ऐसे लोग (भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास) आपकी पार्टी में शोभा नहीं देते। उन्हें तुरंत पार्टी से बाहर निकलना चाहिए ताकि राजस्थान में पक्ष और विपक्ष के बीच जो भाईचारा बना हुआ है , वह बना रहे। उचियारड़ा ने एलिवेटेड रोड के काम में देरी और एयरपोर्ट टर्मिनल की बिल्डिंग को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि काम में देरी पर कीमत बढ़ जाती है। यहां तो 900 करोड़ की स्कीम थी। 700 करोड़ के आस-पास आ गई है। उचियारड़ा बोले- बीजेपी के प्रदेश प्रभारी को भगवान सद्बुद्धि दे दरअसल, बीजेपी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने टोंक में पायलट पर तंज कसते हुए कहा था कि पायलट टोंक के स्थानीय विधायक हैं, वे बहुरूपिया हैं, उनकी एक टांग कांग्रेस में रहती है, एक जाने कहां रहती है। इसके बाद से सियासी गलियारों में वार-पलटवार का दौर चल रहा है। अब जोधपुर से लोकसभा प्रत्याशी रहे कांग्रेस के करण सिंह उचियारड़ा ने कहा कि बीजेपी के प्रदेश प्रभारी ने जो भाषा यूपी में चलती है, उसका उपयोग किया है। उसकी मैं निंदा करता हूं। उचियारड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अटल बिहारी वाजपेयी और भैरोंसिंह शेखावत जैसे लोग भी हुए हैं। आज उनकी आत्मा दुख पा रही होगी कि राजस्थान जैसे प्रदेश में जहां भाईचारा प्रमुखता से देखा जाता है। जहां भाषा ही सब कुछ है। हमारे ससुराल में जब हम जाते हैं तो कुत्ते को भी कुत्तों जी कहकर पुकारते हैं। वहां ये भाई साहब (बीजेपी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ) ने जिन शब्दों का उपयोग किया है, मैं उन शब्दों को वापस बोलकर अपनी जुबान को खराब नहीं करना चाहता हूं। मैं यह जरूर कहूंगा कि आपको परिवार ने ऐसी क्या शिक्षा दी होगी कि आप इस तरीके के चरित्रहीन भाषा का प्रयोग करते हैं। मैं उम्मीद करता हूं और परमपिता परमेश्वर से प्रार्थना करता हूं कि हे प्रभु इनको सद्बुद्धि दे। उन्होंने कहा कि राधा मोहन दास जो बोले हैं, उसकी मैं निंदा करता हूं। मां भगवती आशापुरा और परमपिता परमेश्वर अग्रवाल साहब को सद्बुद्धि देगी। जो भाषा यूपी में चलती है, उस भाषा का उपयोग उन्होंने किया है, मैं उसकी भर्त्सना करता हूं। एलिवेटेड रोड की कीमत बढ़ने की जगह घटी उचियारड़ा ने कहा कि दुख इस बात का है कि प्रधानमंत्री ने अजमेर से वर्चुअली परियोजना की शुरुआत की। हमारे सांसद को नहीं बुलाया गया। मैं उम्मीद करता था कि वह वहां जाकर फीता कटेंगे और कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि जब कोई स्कीम 10 साल लेट हो जाती है तो उसकी कीमत डबल हो जाती है,हमारी 900 करोड़ के आस-पास की स्कीम थी। अब 700 करोड़ के आस-पास आ गई है। सारी महंगाई बढ़ने के बावजूद लागत कम कैसे हो गई। जो चीज बढ़नी चाहिए थी, वह घट गई। जैसा भी काम शुरू हुआ है। हम उस काम के साथ हैं। एयरपोर्ट टर्मिनल की डिजाइन जोधपुर की डिजाइन से मैच नहीं कर रही एयरपोर्ट टर्मिनल पर बोलते हुए करण सिंह उचियारड़ा ने कहा कि जब एयरपोर्ट का नया भवन बन रहा था। तब लगा था कि अच्छा काम हो रहा है। जब मैंने नजदीक से देखा तो आश्चर्य हुआ कि जोधपुर का एयरपोर्ट जोधपुर के पत्थर का नहीं बनकर फाइबर में बन रहा है। फाइबर में ही बनाना था तो आप हैदराबाद, चेन्नई, नवीं मुंबई की तरह अच्छा सा एयरपोर्ट बनाते। फाइबर का एलिवेशन देकर जोधपुर स्टोन का रिप्लेस किया गया है जो मुझे देखकर अच्छा नहीं लगता है। फाइबर में जो मेहराब बनाए गए हैं, उनकी डिजाइन भी जोधपुर की डिजाइन से मैच नहीं कर रहे। एयरपोर्ट सिटी का आईना होता है। उस आईने में भी कहीं न कहीं फर्क आ रहा है। मैं उम्मीद करता था कि जोधपुर स्टोन में बनने पर पूरे विश्व में नई पहचान मिलेगी, जो संभव नहीं हो पाया।