राज्य सरकार के ग्रामीण सेवा शिविरों में आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जा रहा है। बूंदी के हिंडोली उपखंड की ग्राम पंचायत छाबड़ियों का नयागांव में आयोजित शिविर में दो किसान भाइयों के बीच सालों से चला आ रहा संयुक्त कृषि भूमि का विवाद महज कुछ घंटों में सुलझ गया। राजस्व अधिकारियों ने मौके पर कार्रवाई करते हुए भूमि विभाजन की प्रक्रिया पूरी की और खाता विभाजन के आदेश जारी कर दिए, जिससे दोनों भाइयों को बड़ी राहत मिली। सालों से संयुक्त खाते को लेकर था विवाद राजस्व ग्राम रघुनाथपुरा निवासी कालूलाल और रमेश की कृषि भूमि का खाता कई सालों से संयुक्त था। इसी वजह से दोनों भाइयों के बीच अक्सर मनमुटाव और विवाद की स्थिति बनी रहती थी। दोनों इस समस्या का स्थायी समाधान चाहते थे। शिविर में दिया प्रार्थना पत्र, तुरंत शुरू हुई कार्रवाई ग्रामीण सेवा शिविर की जानकारी मिलने पर दोनों भाई छाबड़ियों का नयागांव पहुंचे और संयुक्त भूमि के विभाजन के लिए शिविर प्रभारी को प्रार्थना पत्र सौंपा। मामले का संज्ञान लेते हुए शिविर प्रभारी ने पटवारी हल्का (छाबड़ियों का नयागांव) और आईएलआर दबलाना को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। मौका निरीक्षण के बाद जारी हुए विभाजन के आदेश राजस्व अधिकारियों ने दोनों किसानों से आवश्यक दस्तावेज प्राप्त किए और तत्काल मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के बाद भू-राजस्व अधिनियम, 1956 की धारा 53(1) के तहत भूमि विभाजन का प्रस्ताव तैयार कर शिविर प्रभारी के समक्ष प्रस्तुत किया गया। प्रस्ताव पर तुरंत निर्णय लेते हुए शिविर प्रभारी ने खाता विभाजन के आदेश जारी कर दिए। विवाद खत्म होने पर किसानों ने जताया आभार खाता विभाजन के बाद सालों से चला आ रहा विवाद समाप्त हो गया। दोनों भाइयों ने बताया कि संयुक्त खाते के कारण लंबे समय से उनके बीच विवाद बना हुआ था, लेकिन शिविर में त्वरित कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान हो गया। उन्होंने इस पहल के लिए राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। विजयगढ़ सेवा शिविर में प्रभारी सचिव ने परखी व्यवस्थाएं बूंदी के हिंडोली उपखंड की विजयगढ़ ग्राम पंचायत में सोमवार को आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का जिला प्रभारी सचिव रुक्मणी रियार ने निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पालनहार योजना के एक लंबित प्रकरण का मौके पर सत्यापन कर सहायता राशि सुनिश्चित करवाई गई। राजस्व विभाग को कैटल गार्ड, नाम शुद्धिकरण, अतिक्रमण हटाने और सीमा ज्ञान से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने एनएफएसए, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार सीडिंग और प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। बारिश के मौसम को देखते हुए चिकित्सा विभाग को दवाओं की उपलब्धता, पीएचईडी को शुद्ध पेयजल आपूर्ति और कृषि विभाग को पात्र किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। इसके बाद हिंडोली नगर पालिका के शहरी सेवा शिविर में आवासीय पट्टे और पीएम आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत लाभार्थियों को चेक वितरित किए। साथ ही 'हरियाळो राजस्थान' अभियान के तहत पौधारोपण, पौधों की सुरक्षा और जियो टैगिंग पर जोर दिया।