सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- हमारी सरकार लगातार युवाओं के लिए काम कर रही है। पुरानी सरकार भी आपने देखी है, कैसा माहौल था राजस्थान का। आपने देखा हमारी सरकार को करीब ढ़ाई साल हो गए हैं, एक भी पेपरलीक हुआ क्या? हमने कहा था कि हम चार लाख सरकारी और छह लाख निजी क्षेत्र में रोजगार देंगे। अभी तक हम हजारों युवाओं को नियुक्ति पत्र दे चुके हैं। रविवार को मैं अजमेर के कड़ेल गांव गया था, वहां पिछले कुछ समय में 13 युवाओं की सरकारी नौकरी लगी है। आरएएस भर्ती का टॉपर इसी गांव से निकला है। हम गांव में ही युवाओं के लिए सुविधा विकसित करने का काम कर रहे हैं। हमने प्रत्येक ग्राम पंचायत में अटल ज्ञान केन्द्र खोलने की घोषणा की है, जिसमें लाइब्रेरी और ई-लाइब्रेरी होगी। हम चाहते हैं कि किसान और मजदूर का बेटा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए शहर में ना जाए, उसे गांव में ही सभी सुविधाएं मिलें। सीएम ने यह बातें बिड़ला ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए कहीं। तीन विभाग मुनाफे में आए सीएम ने कहा कि पहले जिन तीन विभागों को लेकर लोग कहते थे कि ये विभाग तो कभी मुनाफे में आ ही नहीं सकते, आज वे लाभ में हैं। पहले स्थिति यह थी कि प्राइवेट वाला एक की चार बसें कर लेता था और रोडवेज की एक बस का भी पता नहीं होता था, लेकिन आज रोडवेज मुनाफे में है। इसी तरह डेयरी और सहकारिता में लोग चुनाव भी नहीं होने देते थे। उनका सोचना था कि अगर युवा आ गए तो उनकी कुर्सी पर संकट आ जाएगा। हमने राजस्थान के सहकारिता क्षेत्र में 10 लाख नए सदस्य बनाए हैं, जिससे युवा डेयरी और सहकारिता से जुड़ें। अब हम हर ग्राम पंचायत में सहकारिता की यूनिट खोलने जा रहे हैं। ब्रह्मगुप्त पुरस्कार एवं इनोवेशन सेंटर की घोषणा इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गणितज्ञ एवं खगोलशास्त्री ब्रह्मगुप्त के नाम पर राजस्थान में 'ब्रह्मगुप्त पुरस्कार' शुरू करने की घोषणा की। यह पुरस्कार विज्ञान, गणित, नवाचार एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तियों, वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों को प्रदान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पुरस्कार हमारी समृद्ध वैज्ञानिक विरासत को सम्मान देने के साथ-साथ नई पीढ़ी को प्रेरित करेगा। उल्लेखनीय है कि ब्रह्मगुप्त का जन्म 7वीं शताब्दी में जालौर के भीनमाल में हुआ था। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने युवाओं के लिए जयपुर के 'कोचिंग हब' में इनोवेशन सेंटर स्थापित करने की घोषणा भी की।