राजस्थान में पंचायत चुनावों के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है।मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आज(गुरुवार) नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रदेश में निकाय चुनाव के बाद मुख्यमंत्री की पीएम मोदी से ये पहली मुलाकात है। ऐसे में माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच प्रदेश में हुए निकाय चुनाव और आगामी पंचायत चुनावों को लेकर चर्चा हुई है। इस मुलाकात के बाद एक बार फिर प्रदेश में मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव के बाद सीएम भजनलाल शर्मा अपने मंत्रिमंडल में फेरबदल भी कर सकते है। इसके साथ ही प्रदेश में लंबे समय से अटकी हुई राजनीतिक नियुक्तियों का रास्ता भी खुल सकता है। ऐसे में आज की मुलाकात को इससे जोड़कर भी देखा जा रहा है। सीएम भजनलाल शर्मा ने पीएम मोदी से मुलाकात के समय उन्हें मां दुर्गा की मूर्ति भी भेंट की। दिसंबर में सरकार के तीन साल पूरे प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनने के बाद सीएम भजनलाल शर्मा ने 15 दिसंबर 2023 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। राजस्थान के साथ-साथ ही मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी बीजेपी की सरकारें बनी थी। दोनों जगह पिछले साल ही मंत्रिमंडल फेरबदल हो चुका है, लेकिन प्रदेश में यह पेंडिंग चल रहा है। वहीं दिसंबर में सरकार को तीन साल भी पूरे होने वाले है। ऐसे में माना जा रहा है कि पंचायत चुनावों के ठीक बाद प्रदेश में मंत्रिमंडल फेबदल देखने को मिल सकता है। पीएम मोदी को दी बधाई सीएम भजनलाल शर्मा ने इस मौके पर पीएम मोदी को उनके शासन प्रमुख के पद पर 25 साल पूरे करने पर बधाई भी दी। बता दें कि बुधवार को ही मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के जनसेवा काल पर अभिनंदन प्रस्ताव पारित किया गया था। पीएम से मुलाकात के बाद सीएम भजनलाल शर्मा ने बयान जारी करते हुए कहा कि आज पीएम मोदी से शिष्टाचार भेंट कर उनका प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्राप्त किया। राजस्थान के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मीय स्नेह निरंतर सहयोग प्रदेश की विकास यात्रा को नई गति प्रदान कर रहा है। आधारभूत संरचना, निवेश और जल प्रबंधन सहित विभिन्न क्षेत्रों में मिल रहे सहयोग से राजस्थान साल 2047 तक विकसित प्रदेश बनने के लक्ष्य की ओर तेजी से अग्रसर है। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार जनकल्याण और सुशासन के संकल्प के साथ समृद्ध, आत्मनिर्भर और विकसित राजस्थान के निर्माण हेतु निरंतर कार्य कर रही है।