राजस्थान में आपराधिक घटनाओं और पुलिसकर्मियों की लापरवाही पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद पुलिस विभाग ने एक अधिकारी को निलंबित, 6 अधिकारियों को पदस्थापन की प्रतीक्षा में (एपीओ) और दो अधिकारियों को पद से हटाया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को कानून व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। मुख्यमंत्री ने कहा- अपराध और कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं त्योहारी सीजन देखते हुए पुलिस को सतर्क रहने और छोटी से छोटी घटना पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अपराधियों और माफियाओं पर कसें शिकंजा सीएम भजनलाल ने पुलिस महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। किसी भी मामले में ढिलाई नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा- कानून सबके लिए समान है और अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने खनन और भूमि विवादों से जुड़े मामलों की जिलेवार विस्तृत सूची तैयार कर उनके निस्तारण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और आपराधिक घटनाओं के साथ पुलिसकर्मियों के आचरण से जुड़े मामलों की समीक्षा करने को कहा। त्योहारी सीजन में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर जोर मुख्यमंत्री ने आगामी त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा- पुलिस अधिकारी छोटी-छोटी घटनाओं को भी गंभीरता से लें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर बड़ी घटनाओं को रोका जा सके। सभी अधिकारियों को अपने प्रभार वाले रेंज और जिलों में नियमित रूप से कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के लिए कहा गया है। महिला सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने तथा स्कूल-कॉलेजों में इनसे संवाद और जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद इन अधिकारियों पर हुई कार्रवाई मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद पुलिस विभाग ने निम्न कार्रवाई की है- डीजीपी ने भी दिए सख्त निर्देश पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने भी हाल की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सभी पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। दोषी पाए जाने वालों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मुख्यालय ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, संवेदनशील परिस्थितियों में तत्काल आवश्यक कदम उठाने तथा आमजन की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। बैठक में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा, गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव भास्कर ए. सावंत सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।