मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- पिछली सरकार के राज में पेपर आउट होने के कई मामले सामने आए। युवाओं के साथ छल करने का काम किया गया, लेकिन हमने 2 साल में करीब 350 पेपर करवाए। एक भी लीक नहीं हुआ। भाजपा सरकार अपने 5 साल के कार्यकाल में 4 लाख सरकारी और 6 लाख नौकरियां निजी क्षेत्र में युवाओं को देगी। सवा लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुके हैं। भाजपा सरकार के राज में मेहनत कर पढ़ने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को नौकरियां मिलेगी। उनके साथ किसी तरह का छल नहीं होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गुरुवार को पाली जिले के रोहट क्षेत्र में चेंडा गांव के श्री राजेश्वर भगवान आंजणी माता धाम आए। यहां उन्होंने नवनिर्मित गर्ल्स कॉलेज भवन का लोकार्पण किया। इसके साथ ही गर्ल्स गुरुकुल का 10वां स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा- रोहट क्षेत्र की पेयजल की समस्या के समाधान के लिए जल्द DPR पर काम शुरू होगा। पाली के बांडी नदी पुल पर फोर लेन पुल बनाएंगे। जवाई बांध सालभर भरा रहे इसलिए उस पर भी काम किया जा रहा है। देखें कार्यक्रम की तस्वीर… महिलाओं के लिए पीएम लाए कई योजनाएं सीएम शर्मा ने कहा- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विशेषकर महिलाओं को राहत देने के लिए बहुत काम किए। महिलाओं को खुले में शौच जाने की समस्या को देखते हुए घर-घर शौचालय बनवाएं। लकड़ियों के धुएं से महिलाओं की आंखें खराब हो रही थी। उज्जवला योजना के तहत गैस सिलेंडर दिए। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर पेयजल कनेक्शन दिए ताकि महिलाओं को पानी के लिए भटकना न पड़े। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि स्कूली छात्राओं में साईकिले, कॉलेज छात्राओं में स्कूटी वितरित की। देश में सिर्फ चार जातियां सीएम शर्मा ने कहा- प्रधानमंत्री मोदी कहते कि देश में सिर्फ चार जातियां है। महिला, युवा, किसान और मजदूर। जिन पर देश टिका है। यह प्रगति करेंगे तो देश प्रगति करेगा। बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के नारे के जरिए प्रधानमंत्री ने बेटियों को उच्च शिक्षिति करने का संदेश भी आमजन को दिया। सीएम शर्मा ने कहा- धर्म और राजनीति आपस में जुड़े हुए है। धर्म ही हमें संस्कारवान बनाता है और अच्छे कार्यों के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने श्री राजेश्वर भगवान आंजणी माता धाम की ओर शिक्षा के तहत में किए जा रहे कार्यों की तारीफ की। मुख्यमंत्री करीब एक बजे हेलीकॉप्टर से आए जो दोपहर करीब 3 बजे वापस उदयपुर के लिए रवाना हुए।