पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने ​कहा- भाजपा ने हॉर्स ट्रेडिंग से सरकारें गिराईं, राजस्थान में भी कसर नहीं रखी। सीएम भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ बार-बार हमारे ऊपर बोलते हैं। गहलोत ने कहा- दोनों चाहते हैं कि मैं सचिन पायलट का नाम लूं कि ये लोग मानेसर गए थे। वो चाहते हैं कि इनकी लड़ाई शुरू हो जाए। मैं इनको दोष देता हूं। तुमने हॉर्स ट्रेडिंग कितने लोगों के साथ की, आपने छोड़ा क्या राजस्थान वालों को? हम तो एकजुट हैं। गहलोत जयपुर में शुक्रवार को मीडिया से बातचीत कर रहे थे। गहलोत ने कहा- इनको पूछो आपने कोई कमी रखी क्या राजस्थान में? 34 दिन होटल में रहे हम लोग, इनके कुकृत्यों से। बीजेपी के जो नेता थे तो जनता समझ नहीं रही है क्या? ठीक है, चुनाव में हम लोग कामयाब नहीं पाए। पीएम मोदी और अमित शाह ने खूब झूठ बोले थे। चुनाव जीतना अलग बात है, लेकिन जो तमाशा कर रहे हैं लोग, कहां-कहां नहीं हो रहा है। गहलोत ने कहा- वेस्ट बंगाल में क्या हो रहा है, सब देख रहे हैं। इनका विश्वास नहीं है डेमोक्रेसी में। अगर अभी नई पीढ़ी देश को नहीं समझी, देश वाले नहीं समझेंगे तो सबको भुगतना पड़ेगा। पहले बीजेपी ने राघव चड्ढा को भी तंग किया था राघव चड्डा के भाजपा में शामिल होने के मुद्दे पर गहलोत ने कहा- बीजेपी वाले हरकतों से बाज नहीं आएंगे। ये देश में लगातार डेमोक्रेसी की हत्या कर रहे हैं। सबके सामने डेमोक्रेसी कमजोर हो रही है, ये मानना पड़ेगा। सब एजेंसियां इनके काबू में हैं। राज्यसभा सासंद अशोक मित्तल के हाल ही छापे पड़े। पहले बीजेपी ने राघव चड्ढा को भी तंग किया था। बाकी सासंदों के नाम इन्होंने शराब घोटाले में नाम डाल रखे थे। पूरा देश देख रहा है कि क्या हो रहा है? बीजेपी ने हॉर्स ट्रेडिंग से सरकारें गिराईं अशोक गहलोत ने कहा- मोदी और अमित शाह को भ्रम है। अब इनका भ्रम टूटेगा। पूरे मुल्क में लोग समझ गए हैं कि ये हिंदुत्व के नाम पर राजनीति करते हैं। हिंदुत्व को मजबूत करने क्या काम किया? खाली भड़काने के अलावा क्या काम किया ? और अब देखिए आज ये घटना हुई है, कम घटना है क्या? वॉशिंग मशीन लगी हुई है, सब बिल्कुल ठीक हो जाएंगे। किसी के खिलाफ कोई केस रहेगा ही नहीं। ये वॉशिंग मशीन जो पकड़ रखी है इन्होंने, कांग्रेस के लोगों को तोड़ा इन्होंने महाराष्ट्र में, कर्नाटक में, मध्य प्रदेश में, यहां पर भी कमी नहीं रखी।