सिरोही में जिला कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर ने रेवदर उपखण्ड की ग्राम पंचायत सनवाड़ा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 का अवलोकन किया। कलेक्टर ने शिविर में उपस्थित सभी विभागों के अधिकारियों से प्रगति पर चर्चा की। उन्होंने भूमि के नामान्तरण, बंटवारे, पीएम किसान सम्मान निधि, पट्टा वितरण और लाडो प्रोत्साहन योजना की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक विभाग की मेज पर जाकर विभागीय कार्यों की जानकारी ली। लाभार्थियों को दस्तावेज भी सौंपे तोमर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को राज्य सरकार की योजनाओं से लाभान्वित किया जाए और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए। उन्होंने ग्रामीणों से भी सीधा संवाद किया, उनकी शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को नियमानुसार राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को संबंधित दस्तावेज भी सौंपे गए। इस शिविर में सनवाड़ा के सह-खातेदारों द्वारा कृषि भूमि बंटवारे के लिए आपसी सहमति से आवेदन प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से वर्षों से लंबित भूमि संबंधी विवाद का शांतिपूर्ण समाधान हुआ। सह-खातेदारों और ग्रामीणों ने त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए राजस्थान सरकार और प्रशासन का आभार व्यक्त किया। शिविर में 22 विभागों के अधिकारी और कार्मिक उपस्थित थे। मौके पर ही ग्रामवासियों को चिकित्सा परामर्श, स्वास्थ्य जांच और आवश्यकतानुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान एसडीएम राजन लोहिया, विकास अधिकारी सांवलाराम चौधरी, तहसीलदार मंजू देवासी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।