CBSE 12वीं बोर्ड का रिजल्ट आने से पहले राजस्थान के सरकारी कॉलेज में प्रवेश शुरू हो गया है। वहीं, राजस्थान बोर्ड का 12वीं का रिजल्ट 1 महीने पहले ही आ चुका है। इसमें करीब 9 लाख स्टूडेंट्स पास हुए थे। राजस्थान के सरकारी कॉलेज में प्रवेश के लिए 1 मई से 15 मई आवेदन करने का समय रखा गया है। आवेदन करने की जानकारी विभाग की साइट व कॉलेजों में पहुंच गई है। उसके अनुसार कॉलेजों में तैयारी शुरू हो गई है। अकेले अलवर जिले (पुराने अलवर) में 33 सरकारी कॉलेज हैं। इनमें करीब 20 हजार स्टूडेंट्स फर्स्ट ईयर में प्रवेश लेंगे। इस बार राजस्थान 12वीं बोर्ड में अलवर जिले में करीब 45 हजार स्टूडेंट्स थे। अभी सीबीएसई 12वीं का रिजल्ट आना बाकी है। एडमिशन के लिए आवेदन करते समय सावधानी रखें कॉमर्स कॉलेज अलवर के प्रिंसिपल प्रो. डॉ सत्य भान यादव ने बताया कि स्टूडेंट्स 15 मई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। उसके बाद कॉलेज स्तर पर अन्य तरह के सर्टिफिकेट का वरीफिकेशन होगा। फिर 27 मई तक अंतिम मेरिट लिस्ट का प्रकाशन होगा। आवेदन करते समय पूरे दस्तावेज साथ लेकर बैठे। जैसे जाति प्रमाण पत्र, बोनस के लिए प्रमाण पत्र, दिव्यांग प्रमाण पत्र, महिलाओं से जुड़े अन्य दस्तावेज साथ लेकर आवेदन करें। ताकि कोई कमी नहीं रहे। इसके बाद आयुक्तायलय के स्तर पर ऑनलाइन प्रवेश मिलेगा। आखिरी में वैरिफिकेशन के बाद ई-मित्र के जरिए फीस जमा होगा। जून के महीने में कॉलेजों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। स्टूडेंट्स को समय पर आवेदन करना चाहिए। अंतिम तारीख का इंतजार नहीं करना चाहिए। मोबाइल व ई-मेल आईडी खुद की दें स्टूडेंट्स आवेदन में मोबाइल नंबर व ईमेल आईडी सही दर्ज करें। इससे आपको जानकारी मिलती रहे। अवार्ड सर्टिफिकेट हो या छात्रवृति की जानकारी। उसी नंबर व मेल आइडी पर मिलेंगी। आयुक्तालय से सीधे जानकारी उसी मोबाइल व मेल पर आती है। 10 हजार सीट अलवर के कॉलेजों में अलवर जिले के 33 सरकारी कॉलेजों में करीब 10 हजार सीट हैं। मौटे तौर पर करीब 20 हजार आवेदन आते हैं। जिला मुख्यालय पर सबसे बड़ा कला कॉलेज है। आरआर कॉलेज साइंस वर्ग के लिए है। जीडी कॉलेज सबसे बड़ी गर्ल्स कॉलेज है। कॉमर्स के लिए वाणिज्य महाविद्यालय है। इसमें करीब 1 हजार सीट बीकॉम की है। 60 सीट बीबीए की हैं। CBSE 12वीं के छात्र-छात्राओं को भी मिलेगा प्रवेश प्रो सत्यभान यादव ने कहा- सीबीएसई का रिजल्ट आने से पहले प्रवेश प्रक्रिया को शुरू कर दिया है। संभावना है कि जल्दी सीबीएसई का रिजल्ट भी आ जाएगा। अभी 15 मई तक समय है। उससे पहले रिजल्ट आ जाएगा। फिर भी सीबीएसई का रिजल आने के देरी होती तो एडमिशन के लिए आवेदन की तारीख बढ़ सकती है।