भीलवाड़ा शहर में रहने वाले 68 साल के एक बुजुर्ग से सस्ती जमीन, सस्ता सोना और नई कार दिलाने का झांसा देकर 1 करोड़ 14 लाख 78 हजार 121 रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने कांग्रेस नेता, उसकी पत्नी और अन्य लोगों के खिलाफ गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिचय के बाद जीता भरोसा मामला गांधीनगर थाना इलाके का है। थाना प्रभारी पुष्पा कसौटिया ने बताया कि अनुकम्पा रिट्रीट में रहने वाले शिवलाल मेलाणा (68) पुत्र लक्ष्मीलाल मेलाणा ने रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया कि बड़ा दांतड़ा, तहसील पारोली निवासी कांग्रेस नेता कमलेश सुथार पुत्र कल्याणमल सुथार, उसकी पत्नी बेना सुथार और अन्य सहयोगियों से नवंबर-दिसंबर 2024 में एक परिचित के जरिए मुलाकात हुई थी। रिपोर्ट के अनुसार कमलेश सुथार ने खुद को प्रभावशाली राजनीतिक व्यक्ति और प्रॉपर्टी कारोबारी बताया। उसने बड़े नेताओं और अधिकारियों से अच्छे संबंध होने का दावा कर पीड़ित का भरोसा जीत लिया। यूआईटी, नगर निगम की जमीन और सस्ता सोना दिलाने का झांसा रिपोर्ट के अनुसार आरोपी ने यूआईटी और नगर निगम की विवादित और सस्ती जमीन दिलाने का भरोसा दिया। साथ ही सस्ता सोना दिलाने का भी लालच दिया। इन बातों पर भरोसा कर पीड़ित ने अलग-अलग समय पर आरोपी को रकम देना शुरू कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि जनवरी 2025 से मई 2026 के बीच आरोपी और उसके साथियों ने अलग-अलग किस्तों में कुल 1 करोड़ 14 लाख 78 हजार 121 रुपए ले लिए। यह रकम फोन-पे, ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और नकद के जरिए ली गई। पुरानी कार बिकवाई, नई कार के नाम पर भी धोखाधड़ी रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि आरोपी ने पीड़ित की पुरानी सेलेरियो कार बिकवा दी। इसके बाद नई स्विफ्ट कार दिलाने का भरोसा देकर कागजातों में फर्जीवाड़ा किया और इस मामले में भी धोखाधड़ी की। रकम मांगने पर धमकियां दी पीड़ित ने जब अपनी रकम और प्रॉपर्टी की मांग की तो आरोपी का व्यवहार बदल गया। आरोप है कि आरोपी ने बातचीत की रिकॉर्डिंग वायरल करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। परेशान होकर पीड़ित गांधीनगर थाने पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की अलग-अलग धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।