राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन एडहॉक कमेटी ने पदभार संभालते ही राज्य में क्रिकेट के विकास को लेकर बड़े फैसले लिए हैं। कमेटी संयोजक डॉ. मोहित जसवंत यादव ने कहा- प्रदेश के सभी जिलों में क्रिकेट सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा और युवा खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय ट्रेनिंग के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म दिया जाएगा। एडहॉक कमेटी संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक आयोजित की गई। इसमें सदस्य धनंजय सिंह खींवसर, आशीष तिवाड़ी, अर्जुन बेनीवाल और अरिष्ट सिंघवी मौजूद रहे। बैठक में आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र 2026-27 को देखते हुए खिलाड़ियों की तैयारियों को मजबूत करने का प्लान तैयार किया गया। इसमें RCA की खेल गतिविधियों के समन्वय की जिम्मेदारी अरिष्ट सिंघवी को सौंपी गई। कमेटी ने फैसला लिया कि 15 से 30 अप्रैल के बीच राज्य के सभी जिला केंद्रों पर समर कैंप आयोजित किए जाएंगे। इनमें अंडर-14, अंडर-16, अंडर-19 (पुरुष) और अंडर-15 व अंडर-19 (महिला) वर्ग के खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। जिला क्रिकेट संघों का बढ़ाया बजट कमेटी संयोजक डॉ. मोहित जसवंत यादव ने कहा- युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए RCA ने जिला क्रिकेट संघों को दिए जाने वाले मानदेय को 40 हजार रुपए से बढ़ाकर 1 लाख रुपए कर दिया है। इससे कैंप में उच्च स्तरीय संसाधन उपलब्ध कराए जा सकेंगे और आयोजन को बेहतर बनाया जा सकेगा। राजस्थान रॉयल्स के उपाध्यक्ष राजीव खन्ना ने RCA एडहॉक कमेटी सदस्यों से बुधवार को मुलाकात कर जयपुर में IPL मैचों के आयोजन को लेकर बैठक की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जयपुर में होने वाले IPL मुकाबलों को लेकर चर्चा हुई। मोहित यादव ने कहा- RCA राज्य में क्रिकेट के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जयपुर में IPL के सफल आयोजन के लिए बीसीसीआई और राजस्थान रॉयल्स को हर स्तर पर पूरा सहयोग दिया जाएगा। जल्द ही BCCI से संपर्क कर इस संबंध में औपचारिक प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। राजस्थान रॉयल्स के उपाध्यक्ष राजीव खन्ना ने कहा- जयपुर में IPL आयोजन को लेकर हुई चर्चा बेहद उपयोगी रही।