राजसमंद के भीम कस्बे में पुलिस एवं कॅरियर संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय डिजिटल प्रहरी प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन जय आनंद जैन परमार्थ संस्थान, नंदावट में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल रहे। इस दौरान डीवाईएसपी राकेश वर्मा, थाना प्रभारी सवाई सिंह राठौड़, नीलेश पालीवाल, गुंजन शर्मा, भावना पालीवाल और साइबर पुलिस थाना राजसमंद के प्रोग्रामर खैरुल वसीम मौजूद रहे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में भीम क्षेत्र के 30 से अधिक गांवों के 250 से ज्यादा छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल ने कहा कि डिजिटल दौर में साइबर अपराधों से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता बेहद जरूरी है। उन्होंने युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक रहने की सलाह दी। साइबर पुलिस थाना राजसमंद के प्रोग्रामर खैरुल वसीम ने इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग, साइबर अपराधों से बचाव और ऑनलाइन सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930, साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, मजबूत पासवर्ड बनाने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का उपयोग करने और फर्जी लिंक से बचने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों को प्रशिक्षित किया। समापन समारोह में प्रशिक्षण प्राप्त विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने युवाओं से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का आह्वान किया।