डीग जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) शरण कांबले गोपीनाथ के निर्देशन में कैथवाड़ा पुलिस ने 'ऑपरेशन शिकंजा' के तहत कार्रवाई करते हुए आईपीएल मैच पर सट्टा लगाने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में आईपीएल मैचों के दौरान बड़े पैमाने पर सट्टा लगाया जा रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने चिन्हित स्थान पर दबिश दी। मौके पर पाया गया कि आरोपी क्रिकेट मैच की आड़ में हार-जीत का दांव लगवा रहे थे। पुलिस ने मौके से चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से पांच आधुनिक मोबाइल फोन, सट्टे के लेन-देन का हिसाब रखने वाली एक नोटबुक और सट्टे के कारोबार से अर्जित की गई नकद राशि बरामद की गई। थानाधिकारी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य सट्टेबाजों और उनके मुख्य सरगना का पता लगाया जा सके। एसपी शरण कांबले ने स्पष्ट किया है कि जिले में किसी भी तरह के अवैध जुए और सट्टे को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।