सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा है कि इस बार जनता पश्चिमी बंगाल में बदलाव को बेताब है। भाजपा सरकार बनने पर राजस्थान जैसा विकास बंगाल में भी होगा। हां लोगों में मोदी के प्रति विश्वास है कि मोदी जो कहते हैं वो करते हैं। दैनिक भास्कर से खास बातचीत करते हुए सीएम ने कहा कि पिछली बार एंटी इनकंबेंसी सत्ता विरोधी लहर थी तभी हम 3 सीटों से 77 सीटों पर पहुंचे और अभी भी सत्ता विरोधी लहर है। सीएम ने दैनिक भाकर से बातचीत में कहा- अब हम 77 से बड़े बहुमत के साथ सत्ता में आने वाले हैं। जनता खुद आगे आकर वोट देगी। लोग कह रहे हैं कि यहां सरकार बदलना आवश्यक है और मैं आपको बता रहा हूं निश्चित रूप से बदलेगी। पढ़िए- सीएम भजनलाल शर्मा का पूरा इंटरव्यू… दैनिक भास्कर : पिछले विधानसभा चुनावों में आप यहां गृहमंत्री के साथ आए थे, दो तीन महीने यहां रहे थे। पिछले चुनावों में और इस बार के चुनावी माहौल में आप क्या अंतर महसूस कर रहे हैं? भजनलाल शर्मा: पिछली बार और इस बार में काफी अंतर है। मैं दो दिन से बंगाल में हूं। मैंने देखा है, बंगाल की जनता ने मन बना लिया है। जनता यहां के भ्रष्टाचार, तुष्टीकरण, बेईमानी से तंग है। जनता चाहती है परिवर्तन हो। मुझे पता है कि जिस तरह मैं जनता के अंदर उनकी स्थिति देख रहा हूं, वो बदलाव को तैयार है। कल मैं रोड शो में था। सब लोग आगे से बढ़कर आ रहे थे। एक उत्सव जैसा माहौल दिख रहा है उसमें मैं कह सकता हूं कि बंगाल के अंदर परिवर्तन होगा और बहुत बड़े बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी जीत कर आएगी। दैनिक भास्कर : आप मंदिर दर्शन के लिए भी गए, उसके जरिए क्या मैसेज देने की रणनीति है, क्या इसे जनता का दिल जीतने की रणनीति के तौर देखा जाए? भजनलाल शर्मा: यहां राजस्थानी मारवाड़ी हैं। राजस्थान शक्ति और भक्ति की धरती है। जहां भी मैं गया हूं मारवाड़ी कहीं नहीं कहीं मंदिर, गौशाला से लेकर सामाजिक सरोकार के कार्यों से सभी जगह जुड़े हुए हैं। उनका आग्रह था कि आपको यहां आना है तो मैं निश्चित रूप से गया हूं। खाटू श्याम मंदिर गया हूं, काली मां मंदिर गया हूं, श्याम मंदिर गया हूं कई जगह में गया हूं। गरीब लोगों को मेडिकल सुविधा देने से लेकर सेवा करने जैसे कामों में मारवाड़ी लगे हैं। उन सेवा के संस्थानों में कई जगह मुझे लेकर गए। मैंने उनका काम देखा, काम देखकर मन को बड़ी प्रसन्नता हुई कि वह यहां भी अपनी कर्म भूमि में इस राजस्थानी मिट्टी की खुशबू को संजोए हुए हैं। यहां भी कर्म भूमि में राजस्थानी मिट्टी, संस्कृति, शक्ति और भक्ति, परोपकार है। सभी क्षेत्रों में जुड़े हुए हैं। इसलिए मुझे बहुत अच्छा लगता है कि मारवाड़ी जहां भी मिले हैं बदलाव की लहर देखी है। मुझे बिहार, उत्तर प्रदेश के लोग मिले वे भी बदलाव की ही बात कर रहे थे। बंगाल के लोग भी बदलाव की ही बात कर रहे हैं। दैनिक भास्कर : पार्टी ने आपको यहां भेजा है, कोई खास टास्क दिया होगा, आपको किस टास्क के साथ बंगाल भेजा है? भजनलाल शर्मा: सबसे प्रमुख है कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 2014 के बाद जो परिवर्तन देश के अंदर हुआ है, उसकी गूंज सब तरफ है। चाहे हमारे विकास की योजनाएं हो चाहे गरीब कल्याण की योजनाएं हो, चाहे आतंकवाद, नक्सलवाद खत्म करना हो, चाहे भारत का बढ़ता गौरव हो तो कह सकते हैं कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बंगाल के अंदर व्यवसाय विकास होगा जैसा अन्य प्रति में विकास हो रहा है। राजस्थान में जिस तरह विकास हो रहा है इस तरह से बंगाल का विकास होगा। यह हम सबको ही नहीं लोगों को भी विश्वास है कि मोदी जो कहते हैं वह करते हैं और यह विश्वास मुझे बंगाल में देखने को मिल रहा है। दैनिक भास्कर : पिछली बार जब आप आए थे तो सत्ता विरोधी लहर की बात कही थी, लेकिन टीएमसी को आप नहीं हरा पाए थे। क्या रणनीति में चूक रह गई थी, जो इस बार नहीं दोहराएंगे। जिसके दम पर आप बदलाव की बात कर रहे हैं? भजनलाल शर्मा: सत्ता विरोधी लहर थी तभी हम 3 सीटों से 77 सीटों पर पहुंचे और अभी भी सत्ता विरोधी लहर है। अब हम 77 से बड़े बहुमत के साथ सत्ता में आने वाले हैं। जनता खुद आगे आकर वोट देगी। लोग कह रहे हैं कि यहां सरकार बदलना आवश्यक है और मैं आपको बता रहा हूं निश्चित रूप से बदलेगी।