पुष्कर के पास गांव गनाहेड़ा में आयोजित रात्रि चौपाल में बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष और राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने महत्वपूर्ण संकेत दिए। उन्होंने बताया कि बाकी बोर्डों और आयोगों में राजनीतिक नियुक्तियां अगले 15 से 20 दिनों में पूरी कर ली जाएंगी। प्रदेशाध्यक्ष बोले-सरकार 'एक राज्य, एक चुनाव' की दिशा में आगे बढ़ रही राठौड़ ने यह भी कहा कि सरकार 'एक राज्य, एक चुनाव' की दिशा में आगे बढ़ रही है, जिसके तहत निकाय और पंचायत चुनाव एक साथ कराए जा सकते हैं। यह चौपाल 'ग्राम रथ अभियान' के तहत आयोजित की गई थी। राजस्थान सरकार की जन-कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह 'ग्राम रथ अभियान' शनिवार को कड़ेल ग्राम पंचायत से होते हुए गनाहेड़ा पहुंचा था। इस कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने भी भाग लिया। मदन राठौड़ ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए इसे केवल सरकारी दौरा नहीं, बल्कि जन-जागृति का महाअभियान बताया। उन्होंने कहा कि रथ के माध्यम से केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी चित्रों और बुकलेट्स द्वारा गांव-गांव तक पहुंचाई जा रही है। जरूरतमंद लोगों की पहचान करने का आह्लान राठौड़ ने भाजपा कार्यकर्ताओं से राजनीति से ऊपर उठकर ऐसे जरूरतमंद लोगों की पहचान करने का आह्वान किया जिनके पास मकान नहीं है या जो खाद्य सुरक्षा योजनाओं से वंचित हैं। उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यकर्ताओं को "जनसेवक" बनने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे "राष्ट्र प्रथम" की भावना के साथ समाज सेवा कर सकें। निकाय और पंचायत चुनावों पर उन्होंने कहा कि पिछली सरकार द्वारा बनाए गए "अव्यवस्थित वार्डों" को सुधारने का कार्य किया जा रहा है। जल संसाधन मंत्री ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत ने रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और भरोसा दिलाया कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांवों के विकास को गति देना और प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना है। पश्चिम बंगाल की स्थिति पर प्रतिक्रिया देते हुए मदन राठौड़ ने ममता सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बंगाल में अब आतंक का माहौल समाप्त होगा और "सोनार बांग्ला" के सपने को साकार करते हुए राज्य को विकास की नई दिशा दी जाएगी। कडे़ल के शिविर में सीएम के आने की संभावना सूत्रों के अनुसार, कड़ेल में चल रहे कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर रविवार को मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के शामिल होने की प्रबल संभावना जताई जा रही है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन और संगठन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।