चित्तौड़गढ़ जिले के भदेसर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसा हो गया। इसमें बड़ी सादड़ी के पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी की कार को पीछे से आ रही एक क्रेन ने टक्कर मार दी। हादसा होड़ा चौराहा और भदेसर के बीच हुआ। घटना के समय चौधरी अपनी कार से भीलवाड़ा जिले के आसींद जा रहे थे, जहां उन्हें कांग्रेस नेता सचिन पायलट के एक कार्यक्रम में शामिल होना था। हादसा अचानक हुआ, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रास्ते में रुके थे, तभी पीछे से आई क्रेन ने मारी टक्कर भदेसर थानाधिकारी विनोद मेनारिया के अनुसार सुबह करीब 10:30 बजे हादसे की सूचना मिली। रिपोर्ट में बताया गया कि प्रकाश चौधरी सुबह करीब 9 बजे बड़ीसादड़ी से आसींद के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ कार में उनके बेटे राजा और एक-दो अन्य लोग भी मौजूद थे। रास्ते में भदेसर से आगे उन्होंने अपनी कार साइड में खड़ी की और थोड़ी देर के लिए व्यक्तिगत जरूरत के लिए रुके थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक क्रेन ने उनकी खड़ी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी अचानक थी कि वहां मौजूद लोग घबरा गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। घुटने में चोट आई, हॉस्पिटल में इलाज करवाकर रवाना हुए इस हादसे में पूर्व विधायक प्रकाश चौधरी के घुटने में चोट आई। सूचना मिलते ही भदेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। घायल चौधरी को तुरंत भदेसर के हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें आराम की सलाह दी, लेकिन उपचार के बाद वे अपने निर्धारित कार्यक्रम के लिए आसींद रवाना हो गए। पुलिस ने शुरू की जांच, क्रेन को जब्त किया घटना के बाद भदेसर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस ने कार और क्रेन दोनों को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हादसा लापरवाही से हुआ या इसके पीछे कोई और कारण है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, जिससे घटना की सही जानकारी सामने आ सके। पहले भी हो चुका है हादसा बता दें कि इससे पहले भी लोकसभा चुनाव से पहले जयपुर में एक सड़क हादसे में प्रकाश चौधरी गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं, जिसमें उन्हें गंभीर चोट लगी थीं। अब एक बार फिर हादसा होने के बाद चौधरी ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने पुलिस से कहा है कि इस घटना की गहराई से जांच की जाए और यह भी देखा जाए कि कहीं इसमें कोई साजिश तो नहीं है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।