करौली जिले के सपोटरा क्षेत्र में आबकारी विभाग ने अवैध हथकड़ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने लोहलड़ी गांव में दबिश देकर करीब 10 हजार लीटर शराब वॉश जब्त कर नष्ट किया। यह कार्रवाई विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत की गई। टीम ने मौके पर अवैध हथकड़ शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले वॉश को नष्ट किया। इस दौरान कुछ तैयार अवैध हथकड़ शराब भी बरामद की गई। शिकायतों के बाद की कार्रवाई लोहलड़ी गांव में लंबे समय से अवैध शराब निर्माण की शिकायतें मिल रही थीं। आबकारी आयुक्त के निर्देशन में यह अभियान चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य जिले में अवैध शराब गतिविधियों पर अंकुश लगाना है। कार्रवाई के दौरान जिला आबकारी अधिकारी राणा प्रताप सिंह, हिंडौन एवं करौली वृत्त के आबकारी निरीक्षक, आबकारी थाने का जाप्ता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।