झालावाड़ जिले के उन्हेल क्षेत्र के बेड़ला गांव में एक 60 वर्षीय वृद्ध व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उन्हेल के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पर धमकी देने का आरोप लगाया है। मृतक भेरू सिंह के पुत्र श्याम सिंह ने आरोप लगाया कि उनके पिता ने धमकियों से परेशान होकर यह कदम उठाया। श्याम सिंह बेड़ला विद्युत निगम जीएसएस पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले गांव कागड़िया निवासी और उन्हेल के पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष सुल्तान सिंह ने बिजली आपूर्ति चालू करने के लिए उन पर दबाव डाला था। बेटा बोला- धमकियों से परेशान होकर पिता ने दी जान श्याम सिंह के मना करने पर सुल्तान सिंह ने उन्हें काम से हटाने की धमकी दी। जब यह बात भेरू सिंह को बताई गई, तो आरोपी से उनकी कहासुनी हो गई। पुत्र के अनुसार आरोपी सुल्तान सिंह की ओर से मिल रही लगातार धमकियों और कहासुनी से परेशान होकर भेरू सिंह ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झालावाड़ अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्हेल थाना पुलिस ने झालावाड़ पहुंचकर परिजनों से रिपोर्ट ली और शुक्रवार दोपहर को शव का पोस्टमॉर्टम करवाया।