संतोष ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाली राजस्थान फुटबॉल टीम को राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन (आरएफए) द्वारा सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह में धौलपुर के फुटबॉलर अंगद तोमर सहित पूरी टीम को स्मृति चिन्ह, फुटबॉल कैप और नकद पुरस्कार प्रदान किए गए। खिलाड़ियों के इस सम्मान से प्रदेशभर के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। जिला फुटबॉल संघ के अध्यक्ष गुरमीत मान ने इस अवसर पर कहा कि धौलपुर के खिलाड़ी अंगद तोमर का राज्य स्तर पर सम्मानित होना जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अंगद की यह उपलब्धि जिले के युवा खिलाड़ियों को नई प्रेरणा देगी, जिससे भविष्य में धौलपुर के अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। सम्मान समारोह में उपस्थित अतिथियों ने खिलाड़ियों के संघर्ष, अनुशासन और समर्पण की सराहना की। उन्होंने बताया कि राजस्थान में फुटबॉल खेल तेजी से विकसित हो रहा है और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर तथा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इससे आने वाले समय में राजस्थान की टीम राष्ट्रीय फुटबॉल में एक मजबूत पहचान बनाएगी। उल्लेखनीय है कि हाल ही में संपन्न हुई संतोष ट्रॉफी में राजस्थान टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दूसरे चरण में प्रवेश किया था, जिससे प्रदेश का नाम रोशन हुआ। टीम की इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर राजस्थान फुटबॉल एसोसिएशन के सचिव दिलीप सिंह शेखावत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पूरी टीम को एक लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि भेंट की। अंगद तोमर की इस उपलब्धि पर धौलपुर के खेल प्रेमियों और विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि अंगद की सफलता जिले के उभरते खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत बनेगी और युवाओं में फुटबॉल के प्रति रुचि को और बढ़ाएगी। इस अवसर पर जिला फुटबॉल संघ के संरक्षक डॉ. राधेश्याम गर्ग, सचिव संदीप राणा, कोच असलम खान, धीरज शर्मा, अमित सेन, रंजीत दिवाकर, बैडमिंटन संघ के कोषाध्यक्ष मोहम्मद जाकिर हुसैन और जिला साइक्लिंग संघ के सचिव विमल शर्मा सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित थे, जिन्होंने राजस्थान टीम और अंगद तोमर को बधाई दी।