राजस्थान में पारा 44 डिग्री के करीब पहुंच गया है। बढ़ती गर्मी के कारण जयपुर के बाद कोटा, चित्तौड़गढ़, जैसलमेर और दौसा में स्कूलों का टाइम बदला गया है। कोटा में 24 अप्रैल से 12वीं क्लास का समय सुबह 7.30 से दोपहर 12.30 बजे तक कर दिया है।, दौसा में 24 अप्रैल से 2 मई तक 8वीं क्लास का समय सुबह 7.30 बजे से दोपहर के 12 बजे तक कर दिया गया है। जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ में 8वीं क्लास तक के बच्चों का समय सुबह 7:30 से 12:00 बजे तक कर दिया है। दौसा, जैसलमेर और चित्तौड़गढ़ में आंगनबाड़ी केंद्रों का समय सुबह 7:30 बजे से 11 बजे तक कर दिया है। बीकानेर, झुंझुनूं और जैसलमेर में महात्मा गांधी नरेगा योजना (मनरेगा) के समय में बदलाव किया गया है। अब मजदूर सुबह 6 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक ही काम करेंगे। इस 7 घंटे की शिफ्ट में कोई रेस्ट पीरियड नहीं होगा। उधर, श्रीगंगानगर में दो दिन बाद हल्की बारिश की संभावना है। जयपुर में बीते 24 घंटे के दौरान दिन का तापमान 2 डिग्री तक बढ़ गया है। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 24 अप्रैल से राजस्थान में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में गर्मी की 2 तस्वीरें… ये शहर सबसे ज्यादा गर्म… इन जिलों में पारा 40 डिग्री से ऊपर रहा पिछले 24 घंटे में राज्य के सभी इलाकों में मौसम साफ रहा। कोटा, पिलानी, चित्तौड़गढ़, चूरू, में बुधवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज हुआ। सबसे ज्यादा तापमान श्रीगंगानगर में 43.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू समेत उत्तर-पूर्व के जिलों में बुधवार को दिनभर हल्की से मध्यम गति की धूलभरी हवा चली। अब आगे क्या राजस्थान के प्रमुख शहरों में गर्मी का हाल जयपुर में पारा 40 पार, स्कूलों की टाइमिंग बदली जयपुर में बुधवार को दिनभर तेज धूप रही और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज हुई। यहां अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर में दोपहर में हल्की गर्म हवा चली। मौसम विभाग ने यहां अगले दो-चार दिन में गर्मी और बढ़ने की आशंका जताई है। इसको देखते हुए जिला कलेक्टर ने 27 अप्रैल से जयपुर जिले में छोटे बच्चों के स्कूलों की टाइमिंग में बदलाव किया है। अलवर में लू का असर महसूस हुआ अलवर में बुधवार को सुबह से गर्म हवा को असर रहा। दोपहर के समय गर्मी बढ़ गई। इस सीजन में पहली बार लू का असर महसूस हुआ। दिन में गर्म हवा चली। दोपहर 2 बजे के आसपास अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री पर पहुंच गया। आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की आशंका है। जोधपुर में पारा सामान्य से ज्यादा जोधपुर में बुधवार को गर्मी का असर बना रहा। शहर का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम रहा। वहीं, लू की आशंका को देखते हुए आज के लिए एडवाइजरी जारी की है। अजमेर में भी दिन में तप रहा अजमेर में बुधवार को गर्मी का असर तेज हो गया। धूप ने लोगों को परेशान किया। दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम दिखाई दी। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री दर्ज किया गया, जो मंगलवार के मुकाबले अधिक रहा। तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही गर्मी का असर भी बढ़ गया है। सीकर में सुबह-शाम बाहर निकलने से बच रहे लोग सीकर में पिछले एक सप्ताह से तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। गर्म हवा चल रही है। बुधवार को आसमान साफ होने की वजह से धूप में तेज रही। जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं, फतेहपुर में कृषि अनुसंधान केंद्र पर स्थित मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री दर्ज किया गया था। कोटा मे एक डिग्री बढ़ा तापमान कोटा दिन का तापमान एक डिग्री बढ़ गया है। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। वहीं, न्यूनतम पारा तीन डिग्री गिरकर 25 डिग्री दर्ज हुआ। दोपहर में कुछ समय के लिए तेज हवा चली। कोटा में तेज गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव किया है। कलेक्टर पीयूष समारिया ने आदेश जारी कर 24 अप्रैल से कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूलों का समय सुबह 7.30 से दोपहर 12.30 बजे तक कर दिया है। उदयपुर में पारा 38.8 डिग्री पर पहुंचा उदयपुर में बुधवार को मौसम साफ और गर्म रहा। दिन का अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री रहा। दोपहर में गर्मी का असर तेज रहा, लेकिन सुबह-शाम राहत भरी रही।