राजस्थान पुलिस के ADG (विजिलेंस) एस. सेंगाथिर ने सीकर में पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग ली। विजिलेंस ADG एस. सेंगाथिर आज एकदिवसीय दौरे पर सीकर आए। इस दौरान एस. सेंगाथिर ने वार्षिक निरीक्षण के तहत सीकर पुलिस की कार्य प्रणाली का निरीक्षण किया और मॉर्निंग परेड, सीएलजी की बैठक, अधिकारियों की क्राइम मीटिंग सहित पुलिस लाइन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान सीकर पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत, एडिशनल एसपी तेजपाल सिंह समेत पुलिस के आलाधिकारी मौजूद रहे। ADG सेंगाथिर ने मीडिया से कहा- आज एनुअल इंस्पेक्शन के तहत सीकर पुलिस की कार्यप्रणाली, मॉर्निंग परेड, सीएलजी मीटिंग, पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग और पुलिस लाइन का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान पुलिस की कार्य प्रणाली को देखा और जानकारी ली। उन्होंने कहा कि आज राजस्थान पुलिस के सामने चार प्रमुख समस्याएं हैं, जिनमें यूनाइटेड गिरोह, विदेश बैठै अपराधियों का क्राइम, मादक पदार्थों की तस्करी व सेवन और साइबर क्राइम। ADG सेंगाथिर ने कहा- ट्रैफिक मैनेजमेंट बड़ा इश्यू है। सीएलजी की बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गई है। प्रमुख चारों समस्याओं को लेकर क्राइम मीटिंग में पुलिस अधिकारियों से विस्तृत चर्चा कर समाधान की रणनीति बना रहे हैं। अवैध मादक पदार्थ की बढ़ती तस्करी को रोकने के लिए राज्य स्तर पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स गठित कर कार्रवाई की जा रही है। IG विकास कुमार की टीम भी अब अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार काम कर रही है। टीम ने भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थों की बरामद भी की है और फरार व सक्रिय अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। ADG सेंगाथिर ने कहा कि जयपुर रेंज आईजी राहुल प्रकाश के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें लगातार मादक पदार्थों की बरामद की जा रही है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो रही है। रिहाइसी इलाकों में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस कार्रवाई करेगी। युवाओं और स्टूडेंट में नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए अवेयरनेस कैंपेन चलाया जा रहा है। वाहनों पर अतिरिक्त एलईडी लाइट लगाने के लिए ट्रैफिक विभाग अलग से काम कर रहा है।