बालोतरा जिले में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और दो डंपर व एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है। यह कार्रवाई सिणधरी और पचपदरा थाना क्षेत्रों में की गई। एसपी रमेश के निर्देश पर अभियान चलाया गया, जिसमें अलग-अलग टीमों ने दबिश देकर अवैध बजरी के परिवहन और स्टॉक को पकड़ा। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर खनन माफिया के नेटवर्क की जांच कर रही है। एसपी रमेश आईपीएस ने बताया कि अवैध खनन रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी हरफूल सिंह, पचपदरा डीएसपी विकास कुमार और सिवाना डीएसपी देरावर सिंह के सुपरविजन में टीमें बनाई गईं। सिणधरी और पचपदरा थाना पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की। सिणधरी में 200 टन बजरी स्टॉक पर कार्रवाई सिणधरी पुलिस को सूचना मिलने पर टीम जैतेश्वर धाम बायपास के पास पहुंची। यहां सड़क किनारे करीब 200 टन अवैध बजरी के स्टॉक से जेसीबी मशीन से दो डंपर में बजरी भरी जा रही थी। पुलिस ने मौके पर दोनों डंपर जब्त कर लिए और फुआ पुत्र भूराराम निवासी मारूड़ी, बाड़मेर को गिरफ्तार किया। इस मामले में सिणधरी थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है। पचपदरा में ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक गिरफ्तार पचपदरा पुलिस गश्त के दौरान गांव थोब पहुंची, जहां बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका गया। चालक हयात खान पुत्र आरब खान निवासी रैवाड़ा मैया पचपदरा से पूछताछ की गई, लेकिन वह बजरी से जुड़े वैध डाक्यूमेंट्स पेश नहीं कर सका। इस पर पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। नेटवर्क को लेकर पूछताछ जारी पुलिस ने दोनों मामलों में अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। पचपदरा में गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अवैध खनन माफिया के नेटवर्क को लेकर जांच जारी है।