प्रतापगढ़ एसपी बी.आदित्य का ट्रांसफर कर दिया गया है। उन्हें प्रतापगढ़ से हनुमानगढ़ भेजा गया है। वहीं, 10वीं बटालियन आरएसी बीकानेर के कमांडेंट विशाल जांगिड़ को प्रतापगढ़ का नया एसपी नियुक्त किया गया है। राजस्थान पुलिस विभाग में हुए एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल में प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक (एसपी) बी. आदित्य का तबादला कर दिया गया है। राज्य के संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह द्वारा जारी 18 आईपीएस अधिकारियों की सूची में बी.आदित्य को प्रतापगढ़ से हनुमानगढ़ भेजा गया है। प्रतापगढ़ में इस तबादले को लेकर विभिन्न स्तरों पर चर्चाएं जारी हैं। इसे जिले में अपराधियों और विशेषकर नशा तस्करों के खिलाफ की गई लगातार कार्रवाइयों से जोड़कर देखा जा रहा है। बी. आदित्य का कार्यकाल जिले में अपराध नियंत्रण और मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियानों के लिए उल्लेखनीय रहा। उनके नेतृत्व में पुलिस ने कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की थीं। उनके कार्यकाल के दौरान "ऑपरेशन त्रिनेत्र" के तहत कई बड़े नशा तस्करों पर कार्रवाई की गई। एनडीपीएस एक्ट के तहत तस्करों की बेनामी और अवैध रूप से अर्जित चल-अचल संपत्तियों को फ्रीज किया गया था। साथ ही, कई मामलों में अवैध कब्जों पर बुलडोजर चलाकर सख्त संदेश दिया गया। पुलिस ने उनके कार्यकाल में कई अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का भी खुलासा किया। इस दौरान बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ जब्त किए गए और वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाए गए। अब जिले की कमान विशाल जांगिड़ संभालेंगे। प्रतापगढ़ जैसे संवेदनशील जिले में नए पुलिस अधीक्षक के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ संगठित अपराध और नशा तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण की बड़ी जिम्मेदारी होगी।