राजस्थान SOG ने कनिष्ठ अभियंता (JE) संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 की पुन: परीक्षा के पेपर लीक मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। साल 2020 की यह भर्ती परीक्षा रद्द होने के बाद आयोजित पुनर्परीक्षा 12 सितंबर 2021 को हुई थी। जांच में सामने आया कि दोबारा हुई परीक्षा का पेपर भी पहले ही लीक होकर पेपर माफिया के पास पहुंच गया था। SOG के एडीजी पुलिस विशाल बंसल ने बताया- SOG ने हर्षवर्धन कुमार मीणा उर्फ बबलू मीणा (41) निवासी सालीमपुर महुवा (दौसा), रिंकू कुमार शर्मा (38) निवासी टोरडा सिकंदरा (दौसा) वर्तमान निवासी दौसा और लोकेश शर्मा (50) निवासी भरतपुर वर्तमान निवासी दौसा को गिरफ्तार किया है। इनमें आरोपी लोकेश शर्मा वर्तमान में निलंबित शिक्षक है और सीबीईओ कार्यालय चाकसू में पदस्थ रहा है। आरोपियों ने कई अभ्यर्थियों को 15-15 लाख रुपए लेकर पेपर उपलब्ध कराया था। हर्षवर्धन ने माफिया से लिया पेपर, तीनों ने मिलकर बेचा विशाल बंसल ने बताया- दिसंबर 2020 में आयोजित JE संयुक्त भर्ती परीक्षा-2020 के संबंध में पहले सांगानेर थाने में मामला दर्ज हुआ था। मामले की जांच के दौरान खुलासा हुआ कि 12 सितंबर 2021 को आयोजित पुनर्परीक्षा का पेपर भी परीक्षा से पहले लीक हो गया था। इसी आधार पर 19 जनवरी को SOG थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी हर्षवर्धन कुमार मीणा उर्फ बबलू मीणा ने पेपर माफिया से परीक्षा से पहले सॉल्व्ड पेपर लिया था। इसके बाद उसने सहयोगी रिंकू कुमार शर्मा और लोकेश शर्मा के माध्यम से पेपर बेचा था। SOG ने कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आरोपियों से पूछताछ जारी है। जांच के दौरान अन्य लोगों के शामिल होने की संभावना भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ में मामले में और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।