पाली जिले के बगड़ी नगर थाना क्षेत्र के करमावास पट्टा में ज्वेलरी कारोबारी वरदाराम उर्फ विनोद गुर्जर ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उसने अपने छोटे भाई बुधाराम को वॉयस नोट भेजा, जिसे सुनकर बुधाराम ने भी जहर खा लिया। दोनों को जोधपुर एम्स ले जाया गया, जहां विनोद की मौत हो गई, जबकि बुधाराम का इलाज जारी है। घटना 22 अप्रैल के आसपास की बताई गई है। मृतक की पत्नी किरण की रिपोर्ट पर सोजत सिटी थाने में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। परिजनों ने धमकियों के कारण यह कदम उठाने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप, धमकियों से था दबाव मृतक की पत्नी किरण देवी निवासी राईको का बास केलवाद पाली, हाल करमावास पट्टा ने रिपोर्ट में बताया कि 21 अप्रैल को चेन्नई पुलिस के कर्मचारी शिवा और गोपी शाम करीब 4 बजे घर आए और विनोद को अपने साथ बगड़ी नगर थाने ले गए। वहां पूछताछ के बाद रात करीब 8:30 बजे छोड़ा गया। आरोप है कि इसके बाद महावीर मेहता, राहुल मेहता, निखिल सोनी और चेन्नई पुलिसकर्मियों द्वारा सोने की चोरी के झूठे मामले में फंसाने की धमकियां दी जाती रहीं। होटल बुलाकर दी धमकी, एक किलो सोना मांगने का आरोप रिपोर्ट में बताया गया कि 22 अप्रैल को महावीर मेहता ने सुबह करीब 10 बजे विनोद को सोजत के मोड भट्टा के पास एक होटल पर बुलाया। वहां एक किलो सोना देने की मांग की गई और नहीं देने पर झूठे केस में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि इसी दबाव में आकर विनोद ने जहर खा लिया। वॉयस नोट में लगाए आरोप, नाम लेकर कही बातें आत्महत्या से पहले विनोद ने अपने भाई बुधाराम को दो वॉयस नोट भेजे। इनमें उसने कहा कि महावीर ने उसके भाई पर दबाव डाला और उसे झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। उसने कहा कि चोरी में शक्ति सिंह और लक्ष्मण गुर्जर का नाम लिया, जबकि उसे जबरन इसमें जोड़ा जा रहा है। वॉयस नोट में यह भी कहा गया कि “मेरे भाई को फंसाकर क्यों मारा”, और यह आरोप लगाया कि पुलिस और अन्य लोग मिलकर दबाव बना रहे हैं। बच्चों के साथ फोटो भेजकर दी जानकारी विनोद ने बच्चों के साथ फोटो भेजते हुए कहा कि महावीर मेहता, राहुल मेहता, शिवा और गोपी ने उसे धमकी दी कि जानकारी नहीं देने पर जान से मार देंगे। उसने बताया कि पूरी रात उस पर दबाव बनाया गया और राहुल ने बड़े लोगों से संपर्क होने की बात कहकर धमकाया। वॉयस नोट सुनकर भाई ने भी जहर खाया वॉयस नोट सुनने के बाद छोटे भाई बुधाराम ने भी डर और घबराहट में जहर खा लिया। दोनों को इलाज के लिए जोधपुर एम्स ले जाया गया, जहां विनोद की मौत हो गई, जबकि बुधाराम का इलाज चल रहा है। परिजनों का धरना, मामला दर्ज होने के बाद पोस्टमार्टम घटना के बाद परिजनों और समाज के लोगों ने जोधपुर एम्स के बाहर कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दिया। धरने का नेतृत्व गुर्जर समाज पाली जिला अध्यक्ष बाबूलाल पोसवाल और समाजसेवी रोहित गुर्जर ने किया। मामला दर्ज होने के बाद गुरुवार शाम को परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, जांच जारी सोजत सिटी थाने में महावीर मेहता, राहुल मेहता, निखिल सोनी और चेन्नई पुलिसकर्मी शिवा व गोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।