पाली के माली समाज भवन में रोजगार मेले का आयोजन हुआ। यह आयोजन जिला प्रशासन की ओर से किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों में चयनित कुल 763 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इस दौरान राज्य सरकार के विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रम का पीएम मोदी का संबो​धन भी LED वॉल पर लाइव दिखाया गया। 719 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे कार्यक्रम में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकारसिंह लखावत ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) माध्यमिक शिक्षा के अनुसार, 35 अभ्यर्थियों को पूर्व में नियुक्ति पत्र दिए जा चुके थे, जबकि रोजगार मेले में 719 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए। इसके अलावा 9 नियुक्तियां अनुकम्पा एवं शहीद आश्रित श्रेणी में प्रदान की गईं। इस तरह कुल 763 नियुक्तियों का वितरण हुआ। इन विभागों के अभ्यर्थी को मिले नियुक्ति पत्र विभागवार नियुक्तियों में प्रशासनिक सुधार विभाग के 634, माध्यमिक शिक्षा विभाग के 45, पंचायती राज विभाग के 13, जोधपुर विद्युत वितरण निगम के 9, कृषि विभाग के 5, सचिवालय के 5, कौशल नियोजन विभाग के 2 तथा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा, विद्युत उत्पादन, राजस्थान लोक सेवा आयोग, जयपुर विद्युत वितरण निगम, अजमेर विद्युत वितरण निगम एवं प्रारम्भिक शिक्षा विभाग के एक-एक अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र दिए गए। वहीं, पूर्व में जारी नियुक्तियों में पुलिस एवं गृह विभाग के 17, सहकारिता विभाग के 6, कॉलेज शिक्षा विभाग के 5, कृषि विभाग के 4 तथा प्रारम्भिक शिक्षा विभाग के 3 अभ्यर्थी शामिल रहे। लाइव प्रसारण दिखाया गया कार्यक्रम के दौरान बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी सहित राज्य के विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के संबोधन का भी लाइव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में ये रहे मौजूद कार्यक्रम में पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, पूर्व सभापति महेन्द्र बोहरा, पूर्व उपसभापति ललित प्रितमानी, जिला कलक्टर डॉ. रविन्द्र गौस्वामी, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह, adm सिलिंग ओम प्रभा, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश चौधरी, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी महेन्द्र मेहता सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।