सीकर के एक युवक से विदेश में नौकरी के नाम पर 2 लाख रुपए की ठगी कर ली गई। वहीं बाद में एजेंट ने युवक को विदेश नहीं भेजा और अब तीन साल से रुपए लौटाने से भी मना कर रहा है। जीणमाता थाना इलाके में मांडोता गांव निवासी गोपालराम बुरड़क ने शनिवार को मामला दर्ज कराया। इसमें बताया कि वह 2023 में बेरोजगार था। इसी दौरान उसकी मुलाकात झुंझुनूं के रहने वाले कैलाश मीणा से हुई। कैलाश ने गोपालराम को कहा कि वह लोगों को विदेश में नौकरी दिलवाने का काम करता है। कैलाश ने गोपालराम को कहा कि वह उसे इटली में अच्छी पैकेज की नौकरी दिलवा देगा। पीड़ित बोला- आरोपी नहीं लौटा रहा रुपए गोपालराम ने बताया- इस पर मैं कैलाश की बातों में आ गया। मैंने कैलाश को 2 लाख रुपए दे दिए थे। कैलाश ने कहा- वह 2 महीने में मुझे विदेश भेज देगा, लेकिन दो महीने में विदेश नहीं भेजा। इसके बाद गोपालराम ने कैलाश से फिर मुलाकात की। तब कैलाश ने थोड़ा समय और मांगा। इसके बाद गोपालराम ने एक बार फिर कैलाश से मुलाकात की तो उसने कहा कि ब्याज सहित रुपए लौटा देगा। गोपालराम ने बताया- करीब 3 साल से कैलाश मुझसे कभी नहीं मिला। जब मैंने हाल ही 23 अप्रैल को फोन किया तो उसने फोन भी नहीं उठाया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।