झालावाड़ जिले में पात्र परिवारों को खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ने के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राज्य सरकार की पहल पर 26 जनवरी 2025 से शुरू हुए इस अभियान के तहत अब तक हजारों परिवारों को योजना का लाभ मिल चुका है। जिला रसद अधिकारी (डीएसओ) जितेंद्र कुमार ने बताया कि अभियान के तहत कुल 39 हजार 602 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 27 हजार 898 परिवारों का अंतिम रूप से चयन कर उन्हें खाद्य सुरक्षा योजना से जोड़ा जा चुका है। चयनित परिवार अपनी नजदीकी उचित मूल्य दुकान पर जाकर केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने के बाद नियमित रूप से राशन का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, विभिन्न कमियों के कारण 8,739 आवेदनों को आवश्यक पूर्ति के लिए वापस लौटाया गया है, जो वर्तमान में उपभोक्ता स्तर पर लंबित हैं। जिला प्रशासन ने ऐसे सभी आवेदकों से ई-मित्र के माध्यम से शीघ्र कमियां पूरी करने की अपील की है ताकि वे भी योजना का लाभ ले सकें। इसी क्रम में झालावाड़ जिले के पेंशनर्स की पेंशन संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए एक विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर पेंशन एवं पेंशनर्स कल्याण विभाग, कोटा द्वारा कोष कार्यालय, झालावाड़ में आयोजित होगा। कोषाधिकारी मिथिलेश मीणा ने बताया कि शिविर 29 अप्रैल 2026 को सवेरे 11 बजे से लगेगा। इसमें पेंशनर्स की जन्मतिथि निर्धारण, नाम संशोधन, पेंशन संशोधन और बकाया एरियर भुगतान से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। जिले के समस्त पेंशनर्स से अपील की गई है कि जिनकी पेंशन से संबंधित कोई भी समस्या लंबित है, वे निर्धारित तिथि को प्रार्थना-पत्र और अपने पेंशन संबंधी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कोष कार्यालय, झालावाड़ में उपस्थित हों। इससे उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।