दौसा जिला शिक्षा अधिकारी ने राउमावि बसवा के प्रयोगशाला सहायक आदित्य कुमार को सस्पेंड कर दिया है। वह 5 दिन पहले बांदीकुई एसडीएम आफिस में 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया था। इसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई है। डीईओ (मा.) अशोक शर्मा द्वारा जारी आदेश में बताया है कि लैब सहायक 20 अप्रैल से पुलिस व न्यायिक हिरासत में है। इसके चलते निलंबन किया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय सीबीईओ कार्यालय महवा रहेगा। वह 2020 से डेपुटेशन पर लगा हुआ था। यह था पूरा मामला बांदीकुई एसडीएम कार्यालय के डेपुटेशन पर लगा लैब सहायक आदित्य शर्मा को सोमवार दोपहर एसीबी टीम ने जमीन संबंधी मामले में 15 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। इस सम्बंध में एसीबी के हेल्पलाइन नंबर 17 अप्रैल को शिकायत मिली थी कि जमीन पर स्टे देने की कार्रवाई में एसडीएम कार्यालय का कर्मचारी आदित्य शर्मा 30 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा है। अलवर एसीबी के डीएसपी शब्बीर खान ने बताया- एसीबी की टीम की ओर से मामले की जांच की गई। जिस पर इसकी पुष्टि होना पाया गया। इसके बाद सौदा 20 हजार रुपए तय हो गया। सोमवार को एसडीएम ऑफिस के कर्मचारी ने परिवादी को रिश्वत लेकर बुलाया। इस दौरान टीम ने कर्मचारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। SDM की भूमिका की जांच जारी डीएसपी ने बताया-परिवादी द्वारा दी गई शिकायत में बताया कि कर्मचारी यह रिश्वत की राशि एसडीएम के नाम से मांग रहा है। ऐसे में एसडीएम की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।