सवाई माधोपुर के चौथ का बरवाड़ा तहसील क्षेत्र के बंजारी ग्राम पंचायत के बासड़ा गांव में सड़क से कुछ ही दूरी पर स्थित एक कुएं में लेपर्ड गिर गया। गुरुवार सुबह गांव की कुछ महिलाओं ने जंगली जानवर की आवाज सुनी। इसके बाद उन्होंने इसकी सूचना गांव वालों को दी। बाद में कुंए देखने पर लेपर्ड दिखाई दिया। सूचना पाकर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद लेपर्ड को कुएं से सकुशल बाहर निकाल गया। साथ ही उसे सवाई माधोपुर स्थित जंगल में छोड़ दिया गया है। 80 फीट गहरे कुएं में गिरा सामाजिक वानिकी डीएफओ सुनील कुमार ने बताया कि करीब 80 फीट गहरे कुएं में 40 फीट पानी था। जिसके अंदर यह गिर गया। सूचना के बाद वन विभाग के साथ-साथ वेटरनरी टीम व प्रशासन मौके पर पहुंचा। वन विभाग की टीम ने जाल के सहारे लेपर्ड को बाहर निकाल लिया। डीएफओ ने बताया कि लेपर्ड की करीब डेढ़ साल है। जिसका मूवमेंट इसी क्षेत्र में पिछले कई दिनों से लगातार बना हुआ था। संभवतः लेपर्ड रात के समय यह कुएं में गिर गया। सुबह जब विभाग की टीम को इसकी सूचना मिली तो रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और लेपर्ड को बाहर निकाल कर जंगल में छोड़ दिया गया। दूसरी ओर लेपर्ड को देखने के लिए मौके पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। शांति व व्यवस्था के लिए तहसीलदार नीरज सिंह ने मौके पर पुलिस के जवान तैनात किए गए।