राजस्थान के वन राज्य मंत्री संजय शर्मा के नाम से सोशल मीडिया पर शातिर ठगों ने मंत्री संजय शर्मा का फर्जी अकाउंट बनाकर आम लोगों को मैसेज भेजना शुरू कर दिया है। इन मैसेजेस के जरिए लोगों को पैसे कमाने और विभिन्न निवेश योजनाओं का झांसा दिया जा रहा है। मामला संज्ञान में आते ही मंत्री ने खुद अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया हैंडल पर एक पोस्ट शेयर कर लोगों को अलर्ट किया है। मंत्री संजय शर्मा ने अपनी पोस्ट में लिखा— "मेरे संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया पर मेरे नाम और फोटो का दुरुपयोग कर एक फर्जी अकाउंट संचालित किया जा रहा है। यह अकाउंट लोगों को मैसेज भेजकर विभिन्न ग्रुप, निवेश योजनाओं एवं अन्य गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।" मंत्री की अपील: "संदेश या लिंक पर विश्वास न करें" संजय शर्मा ने स्पष्ट किया है कि इस फर्जी अकाउंट से उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए लिखा— "मैं स्पष्ट करना चाहता हूँ कि इस अकाउंट का मुझसे कोई संबंध नहीं है। कृपया ऐसे किसी भी संदेश, लिंक या निवेश संबंधी प्रस्ताव पर विश्वास न करें और न ही अपनी कोई व्यक्तिगत या वित्तीय जानकारी साझा करें।" साइबर ठगों के खिलाफ जनता से मांगा सहयोग मंत्री ने सोशल मीडिया पर सक्रिय यूज़र्स से इस फर्जी प्रोफाइल को ब्लॉक और रिपोर्ट करने की मांग की है। उन्होंने लिखा— "आप सभी से अनुरोध है कि इस फर्जी अकाउंट को तुरंत Report करें ताकि इस प्रकार की धोखाधड़ी पर रोक लगाई जा सके। आपका सहयोग ही ऐसे साइबर अपराधों के विरुद्ध सबसे बड़ी शक्ति है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।"