पाली में एक नाबालिग बच्ची को 31 साल का युवक भगाकर ले गया। मां ने बेटी को हर जगह तलाश किया, लेकिन वह मिली नहीं। इसके बाद पुलिस में मामला दर्ज करवाया गया। पुलिस ने लोकेशन ट्रैक की, जिसके बाद करीब 4 हजार किलोमीटर दूर तेलंगाना से दोनों को पकड़ा गया। मामला पाली शहर का है। जानकारी के अनुसार- आर्थिक रूप से कमजोर परिवार की एक 15 साल की नाबालिग बच्ची मजदूरी के लिए निर्माण कार्य पर जाती थी। वहां आरोपी शंकरलाल भी आता था। उसने नाबालिग को झांसे में लिया और शादी करने की बात कही। नाबालिग ने यह बात अपनी मां को बताई तो मां ने उसे समझाया कि बच्ची के नाबालिग होने पर शादी नहीं करवा सकते है। यह रिश्ता नहीं चलेगा, ऐसे में काम के साथ पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। जनवरी में भगा ले गया आरोपी हालांकि नाबालिग ने यह बात अपने प्रेमी को बताई। जनवरी 2026 में आरोपी नाबालिग को शादी का झांसा देकर भगाकर ले गया। पीड़िता की मां ने पुलिस में मामला दर्ज करवाया। इसके बाद पुलिस ने टीम बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। कॉल डिटेल समेत पूरा रूट ट्रैक करने के बाद पुलिस टीम ने पाली से करीब 4 हजार किलोमीटर दूर तेलंगाना में विजयवाड़ा क्षेत्र आरोपी और नाबालिग दोनों को पकड़ लिया। दोनों को 29 मार्च को पाली लाए। जहां से मेडिकल के बाद नाबालिग को उसके परिजनों को सौंप दिया गया, वहीं पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।