बांसवाड़ा के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामोर वडली गांव में बुधवार दोपहर एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 12 साल के नाबालिग की मौत हो गई। नाबालिग गांव में दुकान पर सामान लेने गया था और यह हादसा हुआ है। एक बाइक सवार ने उसे अस्पताल पहुंचाया। तेज रफ्तार कार ने टक्कर मारी जानकारी के मुताबिक छोटू (12) पुत्र कांतिलाल मईड़ा, दोपहर के समय गांव की ही एक दुकान से घरेलू सामान लेने गया था। सामान लेकर घर लौटते समय जैसे ही वह सड़क पार करने लगा, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और लहूलुहान हो गया। बाइक सवार अस्पताल ले गया ​हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर बाइक सवार ने मानवता का परिचय दिया और घायल अवस्था में पड़े छोटू को तुरंत अपनी बाइक पर बैठाकर दोपहर करीब 3:30 बजे जिला मुख्यालय स्थित महात्मा गांधी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया और सघन उपचार शुरू किया, लेकिन बालक की चोटें इतनी गहरी थीं कि उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ​सदर थाने के एसआई रामलाल ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। मृतक बालक के शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों की ओर से लिखित रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।