रायसिंहपुरा गांव स्थित श्री करणी गोशाला सेवा समिति में एक पशु आश्रय शेड का लोकार्पण किया गया। यह शेड विधायक निधि से 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित हुआ है, जिसका उद्देश्य गोशाला में निराश्रित पशुओं को बेहतर सुविधा प्रदान करना है। लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि नोहर विधायक अमित चाचाण थे। उन्होंने अपने हाथों से शेड का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत दलपतपुरा की प्रशासक शांति देवी बेनीवाल ने की। इस अवसर पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, गोशाला समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। लोकार्पण के बाद अपने संबोधन में विधायक अमित चाचाण ने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति और परंपरा का अभिन्न अंग है। उन्होंने गायों के संरक्षण और उनके बेहतर पालन के लिए ऐसे बुनियादी ढांचे के निर्माण को अत्यंत आवश्यक बताया। विधायक ने गोशाला के भविष्य के विकास के लिए हर संभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।