पलवल में एसटीएफ टीम ने राजस्थान के डीग जिले में 2024 में हुई हत्या के मामले में फरार चल रहे 7 हजार रुपए के इनामी आरोपी बादल को गिरफ्तार किया है। आरोपी पलवल जिले के कुशलीपुर गांव का निवासी है और दो वर्षों से पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था। डीग (राजस्थान) के कांमा थाने में बादल के खिलाफ वर्ष 2024 में मुकदमा नंबर 545 बीएनएस की धारा 103(1), 331(8), 3(5) के तहत हत्या का केस दर्ज किया गया था। राजस्थान पुलिस द्वारा लगातार तलाश किए जाने के बावजूद जब वह हाथ नहीं आया, तो एसपी डीग ने 21 अप्रैल 2026 को उसकी गिरफ्तारी पर सात हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। रामनगर थाना कैंप क्षेत्र में छिपा था आरोपी एसटीएफ पलवल प्रभारी अनिल छिल्लर ने बताया कि 30 जून को उन्हें एक सूचना मिली थी कि इनामी आरोपी बादल रामनगर कैंप थाना क्षेत्र में छिपा हुआ है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए, एसटीएफ टीम ने कैंप थाना क्षेत्र स्थित रामनगर में बक्शी फॉर्म के पास से आरोपी बादल को दबोच लिया। हिरासत में लेने के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान कुशलीपुर गांव निवासी बादल के रूप में बताई। एसटीएफ ने तुरंत इसकी सूचना डीग (राजस्थान) की स्पेशल टीम को दी। सूचना मिलने पर डीग की स्पेशल टीम पलवल पहुंची, जिसके बाद एसटीएफ ने गिरफ्तार आरोपी बादल को डीग पुलिस के हवाले कर दिया। मामले में आगे की कार्रवाई डीग पुलिस द्वारा की जाएगी।