बारां जिले में नाहरगढ़ थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 104.100 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा-चूरा जब्त किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई गुना रोड पर की गई। एसपी अभिषेक अंदासु ने बताया कि विशेष अभियान के तहत नाहरगढ़ थाना पुलिस गुना रोड पर नाकाबंदी कर रही थी। इस दौरान एक बिना नंबर का लोडिंग टेम्पो आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर जांच की। टेम्पो ड्राइवर ने अपनी पहचान पंजाब के तारन निवासी गुरूसाहिब सिंह के रूप में बताई। पूछताछ के दौरान वह सामान के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया और घबराया हुआ नजर आया। संदिग्ध लगने पर पुलिस ने टेम्पो की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टेम्पो में रखे एक कंबल और गद्दे के नीचे 4 प्लास्टिक के कट्टों में भरा हुआ अफीम डोडा-चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ नाहरगढ़ थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।