पाली में शनिवार तड़के भतीजे ने खेत में सो रहे बुजुर्ग दम्पती पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। हमले में दोनों वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए सुमेरपुर रेफर किया गया है। धारदार हथियार से किया हमला बाली ASP चैनसिंह महेचा ने बताया कि रानी थाना क्षेत्र के दादाई गांव में खेत पर बने मकान में 80 साल के समाराम सीरवी अपनी 75 साल की पत्नी कसमीदेवी के साथ सो रहे थे। सुबह करीब चार बजे उनके भतीजे दिनेश ने किसी धारदार हथियार से हमलाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में बुजुर्ग समाराम के सिर के पीछे गहरी चोट आई है। जबकि हमले में वृद्धा कसमीदेवी के माथे की त्वचा कट जाने से हड्‌डी नजर आने लगी। खून उनके चेहरे पर बहकर जम गया था। दोनों लहूलुहान हालत में खेत में ही पड़े हुए मदद की गुहार लगाते रहे। वृद्धा के नाक–गले के गहने भी लूटे जानकारी में सामने आया कि हमला करने के बाद भतीजे दिनेश ने वृद्धा कसमीदेवी के गले और नाक में पहने हुए गहने भी लूट लिए। घायल दम्पती को रानी हॉस्पिटल से प्राथमिक उपचार के बाद सुमेरपुर रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर रानी थाने से सब इंस्पेक्टर शिवनारायण मीणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जानकारी जुटाई।