महेंद्रगढ़ जिले के नारनौल में निजामपुर थाना क्षेत्र के गांव सादा की ढाणी में एक युवक पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कैंपर गाड़ी में आए कुछ लोगों ने बाइक रुकवाकर युवक को लोहे की राड और डंडों से पीट दिया। हमले में युवक के हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में धीरज निवासी गांव अमाई, थाना कोटपुतली (राजस्थान) ने बताया कि वह 3 अप्रैल को अपने मामा कृष्ण निवासी सादा की ढाणी के साथ मोटरसाइकिल से उनके घर जा रहा था। जैसे ही वे ढाणी के प्रवेश द्वार के पास पहुंचे, तभी एक सफेद कैंपर गाड़ी ने उनकी बाइक के आगे गाड़ी लगाकर रोक लिया। दोनों पर किया हमला आरोप है कि गाड़ी से भूप सिंह, देवेंद्र उर्फ देवी, राम सिंह, कृष्ण कुमार, मनोज उर्फ मन्ना, हंसराज उर्फ गिलिया और प्रदीप सहित अन्य लोग लोहे की रॉड और डंडे लेकर नीचे उतरे और दोनों पर हमला कर दिया। इस दौरान धीरज का मामा मौके से भाग निकला, जबकि आरोपियों ने धीरज को पकड़कर उसके हाथ-पैरों पर वार किए और उसकी बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। जान से मारने की धमकी जाते समय आरोपियों ने उसे दोबारा ढाणी में आने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घायल धीरज को परिजन इलाज के लिए श्री श्याम अस्पताल, कोटपुतली लेकर पहुंचे। डॉक्टरों की जांच में उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में फ्रैक्चर पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने अस्पताल में पहुंचकर घायल के बयान लिए। वहीं आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।