डूंगरपुर राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन की डूंगरपुर जिला इकाई ने मेडिकल कॉलेज डूंगरपुर में नियमित नर्सिंग संवर्ग के 110 पदों को समाप्त करने के सरकारी निर्णय के खिलाफ शुक्रवार को कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर इन पदों को पुनः सृजित करने की मांग की है। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार ने विभिन्न मेडिकल कॉलेजों से कुल 1267 नर्सिंग संवर्ग के पदों को समाप्त किया है। इसमें डूंगरपुर मेडिकल कॉलेज के 110 नियमित पद शामिल हैं। वर्तमान में इन पदों पर नर्सिंगकर्मी कार्यरत हैं। पदाधिकारियों के अनुसार, डूंगरपुर अनुसूचित क्षेत्र का एकमात्र मेडिकल कॉलेज है, जहां मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में नियमित पदों को समाप्त करना अव्यावहारिक है। नर्सिंग कर्मियों की कमी से संस्थान की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। एसोसिएशन ने चिकित्सा शिक्षा विभाग और राज्य सरकार से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने और पदों को बहाल करने की मांग की है। नर्सेज एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि पदों को समाप्त करने की कार्यवाही पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई और कार्यरत कर्मियों के हितों की रक्षा नहीं की गई, तो समस्त कर्मचारी धरना और विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।