राजस्थान में आंधी-बारिश का दौर जारी है। दौसा के लालसोट, कोटपूतली-बहरोड़ के नारायणपुर क्षेत्र में 20 मिनट तक ओले गिरे। अलवर जिले के मालाखेड़ा क्षेत्र और हनुमानगढ़ के रावतसर में भी ओले गिरे। रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के मिलकपुर गांव में आंधी से कई पेड़ गिर गए। झुग्गी-झोपड़ियां तक उड़ गईं। दौसा जिले के मानपुर में करीब 1 घंटे तक अंधड़ के साथ बारिश और ओले गिरे। जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर मानपुर चौराहे के पास पेड़ टूटकर गिर गया। इसके कारण करीब 40 मिनट तक ट्रैफिक जाम रहा। दौसा के मेहंदीपुर बालाजी क्षेत्र में भी ओले गिरे। जयपुर में हवामहल के सामने पेड़ गिर गया, जिसके कारण ट्रैफिक बाधित हो गया। जैसलमेर जिले में हीटवेव को देखते हुए 8वीं तक के स्कूलों का समय बदला गया है। मौसम के इस बदलाव से प्रदेश में अधिकांश शहरों का तापमान 40 डिग्री से नीचे चला गया और लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली। मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 19 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 70KM की स्पीड तक तेज हवा चलने की आशंका है। अलग-अलग हादसों में 3 लोगों की मौत जयपुर: जयसिंहपुरा खोर में शनिवार देर शाम अंधड़ में एक हाईटेंशन लाइन टूट गई। एक बाइक सवार युवक युनुस इसकी चपेट में आ गया। करंट के कारण वो जिंदा जल गया। टोंक: दूनी तहसील के ज्योतिपुरा में बकरी लेने गए बुजुर्ग पर पेड़ गया। शनिवार देर रात हुए हादसे में बुजुर्ग बुरी तरह घायल हो गया। हॉस्पिटल में डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अजमेर: शनिवार रात 3 बजे लोहागल में बीपीएल आवास योजना का एक क्वार्टर ढह गया। हादसे पति-पत्नी मलबे में दब गए। महिला सोनू की मौत हो गई, जबकि दीपक घायल है। दौसा: महवा के सालिमपुर गांव में आंधी-तूफान के बीच एक कच्चे घर में आग लग गई। हादसे में 18 बकरियां जल गईं। आग बुझाने के प्रयास में परिवार के 4 लोग झुलस गए। वहीं, सिकंदरा के बुड़ली गांव में एक मकान की टीनशेड की दीवार ढह गई। हादसे में एक महिला घायल हो गई। गर्मी को लेकर बड़े अपडेट्स… जयपुर में दिनभर धूप और उमस रही: जयपुर में रविवार को दिनभर आसमान में धूप खिली रही, लेकिन उमस के प्रभाव से तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने जयपुर में 4 मई को आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हवामहल के सामने पेड़ गिरने के कारण सड़क पूरी तरह ब्लॉक हो गई। कई जिलों में बादल छाए रहे: पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में सुबह से देर शाम तक बादलों की आवाजाही बनी रही। अलवर, हनुमानगढ़, झुंझुनूं, गंगानगर, चूरू और सीकर के साथ-साथ भरतपुर, धौलपुर व करौली के क्षेत्रों में हल्के बादल छाए रहे। इस दौरान अलवर और हनुमानगढ़ में कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हुई। पारा 44 से ऊपर, तेज गर्मी: आंधी-बारिश के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है, जिससे लोगों को सुबह-शाम की गर्मी से राहत मिली। तापमान पर नजर डालें तो डूंगरपुर में पारा सबसे कम 33 डिग्री रहा, जबकि हनुमानगढ़ में 35.7 डिग्री, फतेहपुर में 37 डिग्री, और सिरोही में 37.7 डिग्री दर्ज हुआ। अब आगे क्या: मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर ने 19 जिलों में आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 70KM की स्पीड तक तेज हवा चलने की आशंका है। अब देखिए- बीते 24 घंटे में कैसा रहा मौसम… पल-पल के अपडेट के लिए लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…