राजस्थान शारीरिक शिक्षा शिक्षक संघ ने प्रदेशभर के शारीरिक शिक्षा शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग की है। संघ के प्रतिनिधिमंडल ने बीकानेर में शिक्षा निदेशक सीताराम जाट और अतिरिक्त निदेशक शैलेंद्र देवड़ा से मुलाकात कर 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष हापूराम चौधरी और प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह चौहान ने किया। संघ ने 2022 भर्ती के शेष शारीरिक शिक्षकों का स्थायीकरण तुरंत कराने की मांग रखी। ज्ञापन में द्वितीय श्रेणी शारीरिक शिक्षकों की 2025-26 पदोन्नति के बाद पदस्थापन, तथा 2019 से क्रमोन्नत या मर्ज हुए स्कूलों में तृतीय श्रेणी शारीरिक शिक्षक पद को उसी विद्यालय में मर्ज करने की मांग शामिल है। संघ ने वित्तीय स्वीकृति, समय पर वेतन भुगतान और काउंसलिंग के दौरान जिला व राज्य स्तर के सभी रिक्त पद खोलने की मांग भी की। संघ ने शारीरिक शिक्षा कैडर में उच्च पदों के सृजन, संयुक्त निदेशक कार्यालय में सहायक निदेशक, निदेशालय में जिला शिक्षा अधिकारी और उपनिदेशक शारीरिक शिक्षा के पद स्वीकृत करने की मांग रखी।