डिग्गी थाना क्षेत्र में जयपुर-भीलवाडा स्टेट हाईवे पर 5 मई की रात कोयले से भरी पिकअप को लेकर वन विभाग की कार्रवाई विवादों में आ गई है। पिकअप चालक नवरत्न बागरिया ने मालपुरा रेंजर और अन्य वनकर्मियों पर टीपी पर्ची दिखाने के बावजूद मारपीट करने और 42 हजार रुपए छीनने का आरोप लगाया है। चालक के सिर में चोट आने पर चार टांके लगे हैं। दूसरी ओर वन विभाग की रिपोर्ट पर पुलिस ने चालक समेत अन्य लोगों के खिलाफ अवैध कोयला परिवहन और राजकार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज किया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है। एसडीएम कार्यालय से जारी थी टीपी पर्ची जानकारी के अनुसार डिग्गी क्षेत्र निवासी नवरत्न बागरिया परिवार के साथ लकड़ियों से कोयला बनाकर बेचने का काम करता है। कोयला जयपुर सहित अन्य शहरों में ले जाने से पहले संबंधित एसडीएम कार्यालय से टीपी पर्ची जारी करवाई जाती है। नवरत्न ने बताया कि 5 मई की रात वह भीलवाडा जिले के शाहपुरा एसडीएम कार्यालय से जारी साइन और सील लगी टीपी पर्ची लेकर पिकअप में कोयला भरकर जयपुर जा रहा था। वनकर्मियों पर मारपीट का आरोप बागरिया का आरोप है कि डिग्गी थाना क्षेत्र में वन विभाग के कर्मचारियों ने उसकी पिकअप रुकवाई और दस्तावेज मांगे। टीपी पर्ची दिखाने के बावजूद वनकर्मियों ने उसे अवैध बताते हुए ड्राइविंग सीट से हटाकर बीच में बैठा लिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और पिकअप को लेकर रवाना हो गए। पिकअप पलटने का दावा ड्राइवर ने आरोप लगाया कि इसी दौरान वाहन असंतुलित होकर पलट गया, जिससे उसमें बैठे लोगों को हल्की चोटें आईं। उसने कहा कि रेंजर समेत दो वनकर्मियों ने पिकअप में रखे लोहे के पेचकस से उसके सिर पर हमला किया, जिससे सिर फट गया और हॉस्पिटल में चार टांके लगाने पडे। 42 हजार रुपए छीनने का आरोप नवरत्न बागरिया ने आरोप लगाया कि वनकर्मियों ने उसकी जेब में रखे 42 हजार रुपए भी छीन लिए। घटना के बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे और उसे डिग्गी हॉस्पिटल लेकर गए। पलटी हुई कोयले से भरी पिकअप को देखने के लिए भी लोगों की भीड जमा हो गई। वन विभाग की रिपोर्ट पर मामला दर्ज दूसरी ओर मालपुरा रेंजर योगेश मीणा की रिपोर्ट पर पुलिस ने नवरत्न बागरिया और अन्य लोगों के खिलाफ अवैध कोयला परिवहन, राजकार्य में बाधा डालने समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार कोयले से भरी पिकअप भी मौके पर नहीं मिली और उसकी तलाश की जा रही है। दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच डिग्गी थाना प्रभारी गोपाल सिंह ने बताया कि शाहपुरा एसडीएम कार्यालय से जारी टीपी पर्ची के सत्यापन के लिए टीम भेजी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि नवरत्न बागरिया की ओर से एसपी को दिया गया परिवाद भी मिला है। वहीं मालपुरा डीएसपी आशीष प्रजापत ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इनपुट: दीपांशु पाराशर, डिग्गी।