चित्तौड़गढ़ जिले के गंगरार थाना क्षेत्र के पिपलिया कला गांव में देर रात चोरी की वारदात सामने आई है। चार बदमाश एक मकान में घुस गए और वहां रखी 2 लाख 74 हजार 855 रुपए की नकदी, मूंगफली के सात कट्टे और नए कपड़े चोरी कर ले गए। पीड़ित ने चोरी की यह रकम फसल बेचने के बाद घर में संभालकर रखी गई थी। घटना के बाद पीड़िता ने गंगरार थाने में रिपोर्ट दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। खटपट की आवाज सुनकर खुली महिला की नींद पिपलिया कला निवासी संतोष पत्नी मोहन जाट ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह रात को अपने घर में सो रही थी। रात करीब डेढ़ बजे घर में खड़बड़ाहट की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर उनकी आंख खुल गई। महिला ने उठकर देखा तो गांव के ही गुडो पुत्र देवीलाल और बोटिया पुत्र कमसु घर से बाहर निकलते नजर आए। महिला ने तुरंत शोर मचाया और बाहर की तरफ दौड़ी। वहां दो अन्य व्यक्ति भी खड़े थे, लेकिन अंधेरा होने के कारण उनकी पहचान नहीं हो सकी। महिला के चिल्लाने पर चारों आरोपी मौके से भाग निकले। खुला पड़ा था बक्सा, कपड़े बिखरे मिले महिला ने बताया कि आरोपियों के भागने के बाद जब वह वापस घर के अंदर गई तो वहां का सामान बिखरा पड़ा था। घर में रखा लोहे का बक्सा खुला हुआ था और उसमें रखे कपड़े इधर-उधर फैले हुए थे। महिला ने देखा कि बक्से में रखे 2 लाख 74 हजार 855 रुपए गायब थे। इसके अलावा नए कपड़े भी चोरी हो चुके थे। महिला ने बताया कि यह रकम खेती की फसल बेचकर जुटाई गई थी और घर के जरूरी कामों के लिए रखी गई थी। अचानक इतनी बड़ी चोरी होने से परिवार को भारी नुकसान हुआ है। घर के बाहर से मूंगफली के कट्टे भी ले गए चोर घर के बाहर रखे मूंगफली के सात कट्टे भी अपने साथ ले गए। महिला के शोर मचाने के बाद आसपास के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द कार्रवाई और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।