राजस्थान पुलिस ने इस साल 43 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को 'मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक' और 'मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक' से सम्मानित करने की घोषणा की है। इनमें 6 को मुख्यमंत्री उत्कर्ष सेवा पदक, जबकि 37 को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा। धौलपुर जिले के कोतवाली थाने में तैनात कॉन्स्टेबल लोकेश कुमार का नाम भी इसमे शामिल है, जिन्हें 'मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक' से सम्मानित किया जाएगा 2011 में पुलिस सेवा में हुए थे भर्ती लोकेश कुमार धौलपुर जिले से एकमात्र पुलिसकर्मी हैं जिन्हें इस सम्मान के लिए चुना गया है। यह पदक पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण को मान्यता देने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष स्वतंत्रता दिवस पर घोषित किए जाते हैं। कॉन्स्टेबल लोकेश कुमार मूल रूप से भरतपुर जिले के निवासी हैं। उन्होंने वर्ष 2011 में चित्तौड़गढ़ जिले में कॉन्स्टेबल के पद पर पुलिस सेवा में प्रवेश किया था। वर्ष 2021 से वे धौलपुर जिले के विभिन्न थानों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अपनी ड्यूटी के दौरान किए गए सराहनीय कार्यों के लिए उन्हें इस पदक से सम्मानित किया जा रहा है। इन पदकों का वितरण राजस्थान पुलिस दिवस परेड के अवसर पर किया जाएगा। लोकेश कुमार की यह उपलब्धि धौलपुर पुलिस के लिए गर्व का विषय है और अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बनी है।