सिरोही के पिंडवाड़ा थाना क्षेत्र में राहगीर से चाकू की नोक पर लूट की वारदात का पुलिस ने महज तीन घंटे में खुलासा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस त्वरित कार्रवाई पर एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने थानाधिकारी महेंद्र कुमार सीरवी सहित चार पुलिसकर्मियों को ₹2100 नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। चाकू मारकर की थी लूट यह वारदात 8 और 9 जुलाई की रात जनापुर सर्कल से सिरोही रोड जाने वाले मार्ग पर हुई। एक व्यक्ति पैदल जा रहा था, तभी बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसे चाकू मारकर घायल कर दिया और उसका बैग लूटकर फरार हो गए। तीन घंटे में दबोचे गए आरोपी सूचना मिलते ही थानाधिकारी महेंद्र कुमार सीरवी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नंदिनी होटल के पास घायल को अस्पताल भिजवाया गया और तुरंत नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। रीको क्षेत्र से जनापुर जाने वाले रास्ते पर पुलिस को संदिग्ध बाइक दिखाई दी। पीछा करने के दौरान एक आरोपी को मौके पर पकड़ लिया गया, जबकि बाकी दो भाग निकले। भागते समय फिसली बाइक, तीनों गिरफ्तार पुलिस टीम ने पीछा जारी रखा। तेज रफ्तार के कारण तीखे मोड़ पर आरोपियों की बाइक फिसल गई और तीनों गिर पड़े। हादसे में एक आरोपी का पैर फ्रैक्चर हो गया। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पुलिस की निगरानी में उसका उपचार चल रहा है। आरोपियों की पहचान और दूसरा मामला पूछताछ में आरोपियों की पहचान आसाराम गरासिया, गणेश कुमार गरासिया और मोहनलाल गरासिया के रूप में हुई। मोहनलाल का इलाज सिरोही जिला अस्पताल के कारागार बैरक में चल रहा है। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों ने इससे पहले मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के बसईयामाता थाना क्षेत्र निवासी वाल्मीकि पुत्र पान सिंह जाटव को भी चाकू मारकर लूटा था। घायल वाल्मीकि का उपचार उदयपुर में चल रहा है। एसपी ने टीम को किया सम्मानित मामले का त्वरित खुलासा करने पर एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने थानाधिकारी महेंद्र कुमार सीरवी, हेड कांस्टेबल मांगीलाल, कांस्टेबल ईश्वरलाल और कांस्टेबल अभय सिंह को अलग-अलग प्रशस्ति पत्र तथा ₹2100 नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने टीम की तत्परता और पेशेवर कार्रवाई की सराहना की। दोनों वारदातों की जांच जारी पुलिस ने बताया कि दोनों लूट की घटनाओं के अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर लिए गए हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके अन्य आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है।