नमस्कार सांसद साहब के सुपुत्र के ब्याह में डिप्टी सीएम साहिबा ने खूब डांस किया। घोड़ी पर बैठे दूल्हे राजा भी मुस्कुरा पड़े। किडनैप कर फिरौती मांगने वाले बदमाशों के पास चूरू पुलिस बुर्का पहनकर पहुंच गई। डोटासरा जी के बाद अब सचिन पायलट जी का डुप्लीकेट मार्केट में आ गया है और बीकानेर में बिजली मीटर के खिलाफ पार्षद प्रतिनिधि बीमार हालत में भी लाठी लेकर अड़ गए। राजनीति और ब्यूरोक्रेसी की ऐसी ही खरी-खरी बातें पढ़िए, आज के इस एपिसोड में.. 1. अब सचिन पायलट का 'डुप्लीकेट' हमशक्ल का चमत्कार अब तक डेविड धवन ने फिल्मी परदे पर दिखाया था। लेकिन अब राजस्थान में ‘सियासी हमशक्लों’ की बहार आई हुई है। गोविंद सिंह डोटासरा के ‘धर्म भाई’ नरेश सिंधी की अपार सफलता के बाद नेताजी के चेहरे-मोहरे वालों का मनोबल बढ़ा है। जिनका चेहरा नहीं मिल रहा वे कद-काठी, हाव-भाव और पहनावे से काम चलाकर रील्स बना रहे हैं। ऐसी ही एक रील सोशल मीडिया पर खूब घूम रही है। एक युवक खेतों के बीच से गुजरती सिंगल सड़क पर कुर्ता-पायजाम पहनकर चल रहा है। गौर नहीं करने पर युवक कांग्रेस नेता सचिन पायलट जैसा दिखता है। जिसने पोस्ट किया उसने उसे विष्णु गुर्जर बताया। जो पायलट साहब का फैन है। नरेश सिंधी की तरह अब विष्णु भी चाहते होंगे कि उन्हें पायलट जी अपने पास बुलाएं, कंधे पर हाथ रखें और लड्डू खिलाएं। हालांकि, एक यूजर ने रील पर कमेंट किया-थोड़े दिन डाइट पर रहना पड़ेगा। अब शायद विष्णुजी अपने फूले हुए गालों को पिचकाने का प्रयास करेंगे। 2. पुलिस ने बुर्का पहनकर किया ‘कमाल’ हिरण्यकश्यप को पार उतारने के लिए लिए भगवान ने नरसिंह अवतार लिया था। कभी-कभी अपराधी की अक्ल ठिकाने लगाने के लिए रूप बलदना पड़ता है। चूरू की पुलिस ने भी रूप बदला। हुआ यूं कि रतननगर इलाके में कुछ बदमाश एक व्यापारी को किडनैप करके ले गए। बेटे को फोन करके कहा कि पिता की एवज में डेढ़ करोड़ की फिरौती देनी पड़ेगी। साथ ही यह सुझाव दिया कि पुलिस तक बात पहुंची तो पिताजी के साथ क्या होगा, इसकी हम गारंटी नहीं लेते। लड़का सुझाव को दरकिनार कर घबराया हुआ सीधा थाने पहुंच गया। पुलिस ने एक्शन लिया। सीसीटीवी देखे, कॉल डिटेल निकाली, लोकेशन का पता किया। बदमाश पिताजी को लेकर हरियाणा में बैठे थे। लोकेशन मिलते ही SI किशनाराम बिश्नोई और साथी कॉन्स्टेबल ने बुर्का पहनकर महिलाओं का अवतार लिया और बदमाशों के ठिकाने पर पहुंच गए। बदमाश भी पुलिस के झांसे में आ गए और मंसूबों पर पानी फिर गया। पिताजी को सकुशल मुक्त कराया गया और 2 बदमाशों को पकड़कर सींखचों के पीछे डाल दिया। किशनाराम पहले CBI में भी सेवाएं दे चुके हैं। वही अनुभव काम आया। 3. लाठी के साथ डंटे ‘बीमार’ पार्षद प्रतिनिधि गर्मी बढ़ रही है। ऐसे में गरमा-गरमी के मामले भी बढ़ रहे हैं। दिमाग तक गर्म हैं। ऊपर से कई घंटे बिजली कटौती हो जाए तो पारा चढ़ना ही है। बीकानेर में जनता का पारा चढ़ गया। मेंटेनेंस के नाम पर BKESL कंपनी मीटर और तार बदलने का काम कर रही थी। लोगों का तर्क था कि जनता की जेब काटने के लिए मीटर बदलने की तैयारी है। कंपनी का तर्क था- जनता को बिजली की बेहतर सप्लाई देने के लिए काम कर रहे हैं। सुभाषपुरा इलाके में भीषण गर्मी में 8 घंटे बिजली काट दी गई। टीम मौके पर पहुंची तो लोगों ने घेर लिया। हो-हंगामा होने लगा। बात पार्षद प्रतिनिधि श्याम सिंह तक पहुंची। उनका पथरी का ऑपरेशन हुआ था। हाथ पर केनुला लगा हुआ था। पाइप से जुड़ा कैथेटर लटक रहा था। बिजली कटौती से परेशान थे ही। उसी हालत में उठे। एक हाथ में पाइप वाली थैली और दूसरे में लट्ठ उठाकर शोर की तरफ बढ़े। बिजली टीम पुलिस के साथ आई थी। पार्षद प्रतिनिधि ने पुलिस को भी लपेट लिया। लट्ठ बजा-बजाकर खूब खरी-खोटी सुनाई। कहा-उधर से पैसे मिल जाते हैं तो बिजली टीम के साथ आ जाते हो। ये नहीं देखते कि बिजली कटने से कितनी परेशानी हो रही है। बीकानेर के युवा नशे के आदी बन रहे हैं, खुलेआम नशा बिक रहा है, वह दिखाई नहीं देता। पार्षद प्रतिनिधि के ‘ऑपरेशन लट्ठ’ के बाद पुलिस और बिजली टीम उल्टे पैर लौट गई। 4. चलते-चलते.. जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेंद्र सिंह के बेटे की शादी हुई। सांसद जी का ताल्लुक पूर्व राजपरिवार से। ऐसे में शादी शाही होनी ही थी। मेहमान भी शाही आए। जयपुर-दिल्ली रोड पर मनोहरपुर में बिशनगढ़ फोर्ट में दीपावली जैसी जगमग थी। सांसदजी के बेटे देवायुष निकासी के लिए घोड़े पर चढ़े। डिप्टी सीएम साहिबा मौजूद थीं। महिलाएं पारंपरिक ढंग से नृत्य कर रहीं थीं। डिप्टी सीएम भी महिलाओं के साथ डांस करने लगीं। उन्हें देख दूल्हे के चेहरे पर भी मुस्कान तैर गई। शादी में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ समेत कई हस्तियों ने पहुंचकर वर-वधु को आशीर्वाद दिया। इनपुट सहयोग- अनुराग हर्ष (बीकानेर), नरेश भाटी (चूरू)। वीडियो देखने के लिए सबसे ऊपर फोटो पर क्लिक करें। अब कल मुलाकात होगी।