झालावाड़ जिले के सुनेल थाना क्षेत्र में एक सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। यह हादसा गुरुवार शाम को हुआ जब दोनों व्यक्ति असनावर स्थित रातादेवी मंदिर से लौट रहे थे। मृतक की पहचान हेमड़ा निवासी 50 वर्षीय कालूलाल पुत्र भैरूलाल के रूप में हुई है। उनके साथ कर्माखेड़ी गांव निवासी शिवलाल पुत्र जुझार सिंह भी बाइक पर थे, जो इस दुर्घटना में घायल हुए हैं। श्योपुर के पास हुआ हादसा परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार कालूलाल अपने बड़े बेटे भोलाराम (22) की शादी की तारीख (पाती) लेने रातादेवी मंदिर गए थे। मंदिर से लौटते समय सुनेल क्षेत्र के श्योपुर के पास एक कार ने लापरवाही से बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों ने घायल शिवलाल के मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन झालावाड़ अस्पताल पहुंचे, जहां दोनों घायलों का इलाज शुरू किया गया। इलाज के दौरान तोड़ा दम इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे कालूलाल की मौत हो गई। अस्पताल चौकी प्रभारी ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया और सुनेल पुलिस को सूचित किया। सुनेल पुलिस ने झालावाड़ एसआरजी अस्पताल पहुंचकर परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज किया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। परिजनों ने बताया कि मंदिर से शादी की तारीख लेने की यह परंपरा पुराने समय से चली आ रही है।